चर्चित दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने किया अनावरण
सुल्तानपुर। बीती 28 जून 2022 को कस्बा लम्भुआ स्टेशन रोड निवासी रामसुख के घर पर उनकी 21 वर्षीय पुत्री एवं 45 वर्षीय पत्नी की लोहे के राड तथा धारदार हथियार से हत्या कर दी गयी थी, जिसके सम्बन्ध में थाना लम्भुआ हत्या का अभियोग पंजीकृत हुआ था। विवेचना के दौरान घटना के अनावरण के क्रम में पुलिस द्वारा तीन आरोपी इरफान, सदान उर्फ नादान व शहबाज को गिरफतार किया गया, जिनसे पूछ-ताछ में पता चला कि अभियुक्त इरफान मृतका व उसकी पुत्री से परिचित था। मृतका के साथ व्यक्तिगत सम्बंध से बेटी एवं महिला के पति द्वारा विरोध करने पर अभियुक्त ने दो सप्ताह पहले हत्या करने की योजना बनायी थी। उसी क्रम में अभियुक्त द्वारा पहले चापर फिर लोहे का राड खरीदा गया था एवं 28 जून 2022 को दोपहर में हत्या कर दिया। अभियुक्तों द्वारा मृतका के घर में प्रवेश करने के बाद पहले अकेली बेटी की हत्या किया गया, उसके बाद उसकी मां के आ जाने पर उसकी भी हत्या कर फरार हो गये। घटना का अनावरण करते हुए आरोपियों को गिरफतार करने के बाद पुलिस द्वारा जब अपराध में प्रयुक्त हथियार तथा उस समय अभियुक्तों द्वारा पहने हुए कपड़ों की बरामदगी हेतु अभियुक्त इरफान को लेकर जाया गया तो एक स्थान पर अभियुक्त इरफान द्वारा पहले से छुपाकर रखे हुए 315 बोर के कट्टे निकाला गया एवं पुलिस कस्टडी से भागने के लिए पुलिस पार्टी पर कई राउण्ड फायर किया गया, जिसमें पुलिस पार्टी के हेकां शैलेन्द्र सिंह गोली लगने से घायल हो गये। पुलिस द्वारा भी अपने बचाव में फायरिंग की गयी, जिससे अभियुक्त इरफान के पैर में गोली लगी।पुलिस द्वारा तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र सीएचसी लम्भुआ में दोनों को ले जाया गया जहॉ से दोनों को जिला चिकित्सालय हेतु रेफर कर दिया गया जहां दोनों इलाजरत हैं। डाक्टर द्वारा बताया गया कि दोनों की हालत स्थिर बनी हुयी है। पुलिस द्वारा अभियुक्त की निशादेही पर एक अदद तमन्चा 315 बोर, एक जिन्दा कारतूस, 3 खाली खोखा कारतूस, अपराध में प्रयुक्त चॉपर व लोहे की रॉड, रक्त में सने हुए अभियुक्त के कपड़े बरामद किया गया है। आगे की विधिक प्रक्रिया प्रचलित है। पुलिस उपमहानिरीक्षक, अयोध्या परिक्षेत्र, अयोध्या के स्तर से इस जघन्य अपराध का अनावरण करने वाले टीम के उत्साहवर्धन हेतु 25 हजार रूपये धनराशि के ईनाम की घोषणा की गयी है। पुलिस अधीक्षक द्वारा परिजनो से मिलकर सांत्वना दी गयी।