आई. टी. इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल झामटा बिछुआ ने हर्षोल्लास के साथ मनाया 11वां वार्षिकोत्सव
झामटा बिछुआ। आई. टी. इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल झामटा बिछुआ में बृहस्पतिवार को 11 वां वार्षिकोत्सव उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि उपस्थित पालकों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष पूजा-अर्चना एवं कार्यक्रम राष्ट्रगान के साथ हुई। विद्यालय परिसर में संध्या से ही छात्रों, अभिभावकों और अतिथियों की उपस्थिति से उत्सव का माहौल नजर आया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। देशभक्ति नृत्य, समूहगान, नाटक एवं आधुनिक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों को उपस्थित दर्शकों ने सराहा। कार्यक्रमों में कांतारा एक्ट, नरसिम्हा एक्ट, बाहुबली एक्ट, रोबोटिक डांस ने दर्शकों को रोमांचित किया वही नन्हे कलाकारों द्वारा रंगारंग कार्यक्रमों ने सबका दिल लुटा । विद्यालय के संगीत शिक्षक नितिन साहु के मार्गदर्शन में बच्चों ने संगीत के मनमोहक कार्यक्रम की प्रस्तुति से सबको अचंभित किया। मंच संचालन विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा संयोजित ढंग से संपन्न किया गया।
प्रधानाचार्या श्रीमती पूजा बोबड़े ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों, शैक्षणिक प्रगति और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यालय बच्चों के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। मुख्य अतिथि ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए विद्यालय प्रबंधन को बधाई दी।
अंत में निर्णायक समिति द्वारा कांतारा एक्ट को सर्वश्रेष्ठ एवं नरसिम्हा एक्ट द्वितीय श्रेष्ठ एक्ट की ट्रॉफी से सम्मानित किया गया और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी शिक्षकों और छात्रों की प्रशंसा की।
Tags
शिक्षा समाचार