श्री सिद्धगिरी बाबा धाम पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा सकुशल संपन्न
अमेठी। भेंटुआ विकासखंड अंतर्गत ग्राम हीरापुर में श्री सिद्धगिरी बाबा के स्थान पर आयोजित संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का समापन गुरुवार को विधिवत हवन-पूजन एवं प्रसाद वितरण के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। सात दिनों तक चली इस आध्यात्मिक कथा में क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। कथा के समापन अवसर पर यज्ञ एवं हवन के पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। संपूर्ण आयोजन आयोजक मंडल के सदस्यों डॉक्टर अमरनाथ तिवारी, राजदेव तिवारी, बिंदेश्वरी प्रसाद तिवारी, कालिका प्रसाद पांडे, राजपति तिवारी, राहुल ओझा, अंबिका प्रसाद तिवारी, संजय मिश्रा, धर्मेंद्र रत्नाकर तिवारी के साथ-साथ समस्त ग्रामवासियों एवं क्षेत्रवासियों के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कथा वाचक पंडित पवन पति त्रिपाठी जी ने अपने ओजस्वी एवं भावपूर्ण प्रवचनों के माध्यम से श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराते हुए श्रोताओं को भक्ति भाव में डुबो दिया। कथा के दौरान भजन-कीर्तन और संगीतमय प्रस्तुति ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। समापन अवसर पर आयोजकों ने सभी सहयोगियों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया और क्षेत्र में धार्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना को बनाए रखने का संकल्प दोहराया।
Tags
विविध समाचार