जिलाधिकारी वृद्ध जन आश्रम पहुंच वृद्ध जनों को दी नूतन वर्ष की शुभकामनाएं
अमेठी। नव वर्ष के अवसर पर जिलाधिकारी संजय चौहान ने अपनी धर्मपत्नी के साथ गौरीगंज स्थित वृद्ध जन आश्रम का भ्रमण कर वहाँ निवासरत वृद्धजनों का हाल-चाल जाना तथा उन्हें नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। इस दौरान जिलाधिकारी एवं उनकी पत्नी ने वृद्धजनों के बीच फल एवं मिठाई का वितरण कर उनके साथ कुछ समय बिताया और उनका उत्साहवर्धन किया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वृद्ध जन आश्रम में उपलब्ध सुविधाओं का गहन जायजा लिया। उन्होंने वृद्धजनों के स्वास्थ्य, भोजन व्यवस्था, आवास, साफ-सफाई तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। शीतलहर को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आश्रम में रह रहे सभी वृद्धजनों को ठंड से बचाव हेतु समुचित व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जाएँ, ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि वृद्ध जन आश्रम की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जाएँ। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों की सेवा एवं सम्मान प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।इस अवसर पर उपजिलाधिकारी गौरीगंज प्रीति तिवारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए व प्रभारी जिला समाज कल्याण अधिकारी ऐश्वर्य यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Tags
विविध समाचार