शासकीय महाविद्यालय बरघाट में 08 से 15 जुलाई तक "प्रवेश मेला" का आयोजन
बरघाट,सिवनी। उच्च शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश शासन के आयुक्त कार्यालय के निर्देशानुसार दिनांक 08 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक अतिरिक्त सीएलसी राउंड के अंतर्गत अधिकाधिक विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से जोड़ने एवं रिक्त सीटों पर प्रवेश सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शासकीय महाविद्यालय बरघाट में "प्रवेश मेला" आयोजित किया जा रहा है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बी.एल. इनवाती के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रवेश मेले में विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को महाविद्यालय में संचालित स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों, विषय चयन, प्रवेश प्रक्रिया, छात्रवृत्ति, ई-प्रवेश पोर्टल, रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के विभिन्न प्रावधानों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही विद्यार्थियों की शंकाओं का समाधान करते हुए उन्हें प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण कराने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रवेश प्रभारी प्रो. छत्रपाल सिंह जाटव ने अतिरिक्त सीएलसी राउंड की प्रवेश प्रक्रिया, रिक्त सीटों की जानकारी एवं आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रवेश सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी प्रो. पंकज कुमार गहरवार ने स्वयंसेवकों के सहयोग से प्रवेश जागरूकता अभियान चलाते हुए विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को उच्च शिक्षा के महत्व से अवगत कराया तथा अधिक से अधिक विद्यार्थियों को महाविद्यालय से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर मानेश्वर बिसेन ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उच्च शिक्षा, व्यक्तित्व विकास एवं कैरियर निर्माण के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी तथा उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। अभियान के दौरान डॉ. आरती भीमटे, शबनम खान, वरिष्ठ छात्र-छात्राएँ, पालकगण एवं महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। सभी ने विद्यार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण कराने में सहयोग प्रदान किया तथा अधिकाधिक विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से जोड़ने का संदेश दिया।
महाविद्यालय परिवार ने क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे 08 से 15 जुलाई 2026 तक आयोजित अतिरिक्त सीएलसी राउंड के अंतर्गत प्रवेश मेले का लाभ उठाते हुए समय-सीमा के भीतर प्रवेश लेकर अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाएँ।
Post a Comment