आभूषण व्यवसायी की मौत के बाद गुठनी-दरौली में आक्रोशित व्यवसाययों ने बंद की दुकानें, लूट के दौरान गोली और चाकू से घायल दिलीप वर्मा ने गोरखपुर में इलाज के दौरान तोड़ा दम
दरौली/गुठनी। दरौली थाना क्षेत्र के टड़वा चट्टी में आभूषण लूट के दौरान गोली और चाकू से गंभीर रूप से घायल स्वर्ण व्यवसायी दिलीप वर्मा की गोरखपुर में इलाज के दौरान मौत के बाद क्षेत्र के व्यवसायियों में आक्रोश व्याप्त है। घटना के विरोध में बुधवार को गुठनी और दरौली क्षेत्र के विभिन्न बाजारों में दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखकर विरोध जताया।
गुठनी के अलावा बलुआ, तेनुआ, जतौर और सोहागरा सहित आसपास के बाजारों में भी कई दुकानदारों ने दुकानें बंद रखीं। व्यवसायियों ने घटना पर गहरा आक्रोश जताते हुए प्रशासन से क्षेत्र में व्यवसायियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
दुकानदारों का कहना है कि लगातार आपराधिक घटनाओं के कारण व्यवसायियों में भय का माहौल है। उन्होंने बाजारों में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती करने तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
व्यवसायियों ने कहा कि दिनदहाड़े आभूषण दुकान में घुसकर लूट के दौरान व्यवसायी पर गोली और चाकू से हमला किया जाना गंभीर चिंता का विषय है। घटना में घायल दिलीप वर्मा की मौत से व्यवसायी समाज को गहरा आघात पहुंचा है।
व्यवसायियों ने प्रशासन से घटना में शामिल सभी आरोपितों की गिरफ्तारी और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।
إرسال تعليق