WhatsApp

Join KMB News WhatsApp Channel

Get instant Hindi & English news updates directly on WhatsApp.

डिफाल्टर हुए प्रकरणों से सम्बन्धित अधिकारियों व कर्मचारियों के वेतन रोकने के निर्देश से मचा हड़कंप

डिफाल्टर हुए प्रकरणों से सम्बन्धित अधिकारियों व कर्मचारियों के वेतन रोकने के निर्देश से मचा हड़कंप

केएमबी मोहम्मद अफसर

सुलतानपुर। जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी, जिसमें मुख्यमंत्री सन्दर्भ, जिलाधिकारी सन्दर्भ, ऑनलाइन प्राप्त सन्दर्भ, भारत सरकार पी0जी0 पोर्टल सन्दर्भ, शासन व राजस्व परिषद निदेशालय सन्दर्भ, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, पुलिस अधीक्षक, महिला हेल्प डेस्क, एन्टी भू-माफिया सहित आदि सन्दर्भों के कुल 65175 शिकायत प्राप्त, जिसके सापेक्ष 63950 सन्दर्भ विभिन्न विभागों द्वारा निस्तारित किये गये तथा 1214 लंबित सन्दर्भ व 11 डिफाल्टर सन्दर्भ के सम्बन्ध में जिलाधिकारी द्वारा सम्बन्धित को निर्देशित किया गया कि निर्धारित समय में निस्तारित किये जायें। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा माह के अन्तिम दिन डिफाल्टर होने वाले प्रकरणों के सम्बन्ध में सम्बन्धित विभागों यथा- जल निगम के 01, विद्युत विभाग के 05, नेडा विभाग के 01, वन विभाग, स्वास्थ्य विभाग के 1-1 प्रकरण के डिफाल्टर होने पर कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि सभी सम्बन्धित अधिकारियों व कर्मचारियों का वेतन रोक दिया जाय। उन्होंने कहा कि बार-बार कहने के बावजूद भी इस तरह की लापरवाही अक्षम्य है। आईजीआरएस पटल देखने वाले लिपिक अनूप गुप्ता द्वारा जिलाधिकारी को लंबित प्रकरणों के डिफाल्टर होने से पहले अवगत न कराने पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि सभी लंबित प्रकरणों का डिफाल्टर होने से पहले हमें सूचित कर दिया करें। लंबित प्रकरणों के डिफाल्टर होने से जिले की रैकिंग खराब होती है। उन्होंने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आईजीआरएस पोर्टल का माह के अन्त में लगातार अवलोकन कर लंबित प्रकरणों का निस्तारण समय से करें, किसी भी प्रकरण को डिफाल्टर नहीं होने देना है। जिलाधिकारी द्वारा उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शासन के मंशानुरूप जनसामान्य की शिकायतों का निस्तारण शीर्ष प्राथमिकताओं के अनुरूप किये जायें। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता एवं लापरवाही किसी भी दशा में बर्दास्त नहीं की जायेगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि विभिन्न माध्यमों से प्राप्त होने वाली शिकायतों का सम्बन्धित अधिकारी मौके पर जाकर मौका मुआयना कर फोटो सहित आख्या लगाकर गुणत्तापूर्ण निस्तारण करें। अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अंकुर कौशिक, अपर जिलाधिकारी (वि0 एवं रा0) मनोज कुमार पाण्डेय, प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी अमित श्रीवास्तव, उप निदेशक कृषि रामाश्रय यादव, जिला पंचायतराज अधिकारी अभिषेक शुक्ला, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दीपिका चतुर्वेदी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी आशीष कुमार, जिला उद्यान अधिकारी रणविजय सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमित सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी वी0पी0 वर्मा सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
और नया पुराने

Ads


 

Ads

نموذج الاتصال