गाजियाबाद में विराट हिंदू सम्मेलनों का भव्य आयोजन सम्पन्न
गाजियाबाद,8 फरवरी। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में हिंदू समाज के जागरण, संगठन एवं विकसित भारत मिशन में समाज की सशक्त भूमिका सुनिश्चित करने हेतु अनेक स्थानों पर विराट हिंदू सम्मेलनों का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। इन आयोजनों में हजारों की संख्या में मातृशक्ति, युवा, बुद्धिजीवी वर्ग एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।
सम्मेलनों में संत-महात्माओं, धर्माचार्यों, समाजसेवियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने अपने प्रेरक एवं ओजस्वी बौद्धिक वक्तव्यों से उपस्थित जनसमूह का मार्गदर्शन किया। वक्ताओं ने हिंदू समाज की एकता, सांस्कृतिक संरक्षण, राष्ट्र निर्माण, सेवा कार्यों एवं सामाजिक समरसता पर विशेष बल दिया।
कार्यक्रमों का आयोजन शहर के विभिन्न प्रमुख स्थलों — पटेल नगर, नंदग्राम, राजनगर एक्सटेंशन, गोविंदपुरम, कवि नगर, अशोक नगर, नेहरू नगर, पांडव नगर, डासना सहित 22 स्थानों पर किया गया, जहाँ प्रातःकाल से सायंकाल तक क्रमबद्ध रूप से सम्मेलन सम्पन्न हुए।
इन आयोजनों में विभिन्न संतों एवं वक्ताओं जैसे महामंडलेश्वर, कथा व्यास, धर्माचार्य, समाजसेवी, शिक्षाविद् एवं राष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर समाज को संगठित एवं जागरूक करने का आह्वान किया। विशेष रूप से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विश्व हिंदू परिषद, इस्कॉन, विद्या भारती, सेवा भारती आदि संगठनों के कार्यकर्ताओं की सक्रिय उपस्थिति रही।
सभी कार्यक्रमों में धर्माचार्यों के आशीर्वचन, राष्ट्र चेतना से ओतप्रोत उद्बोधन, भजन-कीर्तन तथा सामाजिक समरसता के संदेश ने वातावरण को भक्तिमय एवं राष्ट्रभावना से परिपूर्ण बना दिया।
आयोजन समितियों ने बताया कि इन सम्मेलनों का उद्देश्य हिंदू समाज में संगठन शक्ति का विस्तार, युवाओं में सांस्कृतिक चेतना का संचार एवं राष्ट्रहित में सामूहिक सहभागिता सुनिश्चित करना है। कार्यक्रमों की सफलता से स्पष्ट है कि समाज इस दिशा में सकारात्मक रूप से अग्रसर है।
अंत में आयोजकों ने सभी संत-महात्माओं, अतिथियों, स्वयंसेवकों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनजागरण कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।
Tags
विविध समाचार
