सागौन तस्करी करते दो आरोपी गिरफ्तार, पिकअप वाहन सहित 11 नग लट्ठे जब्त
छिंदवाड़ा। वन परिक्षेत्र कुंभपानी बफर अंतर्गत दिनांक 20-21 मई 2026 की दरम्यानी रात्रि में मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि रमपुरी बीट के कक्ष क्रमांक 1399 में कुछ व्यक्ति चार चक्का वाहन में सागौन के लट्ठे भर रहे हैं। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने तत्काल दल बनाकर मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। गश्ती दल को आता देख आरोपी वाहन से सागौन के लट्ठे फेंककर भागने लगे। वन अमले ने पीछा कर वाहन को रोक लिया। वाहन में सवार निलेश पिता अर्जुन मिनोटे निवासी नाहरझिर एवं अजय पिता गलित मांडेकर निवासी थोटामाल को पकड़कर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें करन कहार निवासी जमतरा ने सागौन के लट्ठे भरने के लिए बुलाया था। वन विभाग ने मौके से 11 नग सागौन लट्ठे, जिनका कुल आयतन 1.374 घनमीटर बताया गया है, तथा अशोक लीलैण्ड पिकअप वाहन क्रमांक एमपी-28-जी-3733 को जब्त कर लिया है। मामले में वन अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
إرسال تعليق