20 मई को राहुल गांधी का गौरीगंज में कार्यकर्ता सम्मेलन, पहले कांग्रेस पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष रहे स्वर्गीय योगेंद्र मिश्रा के आवास जाएंगे
अमेठी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गाँधी 20 मई को गौरीगंज पहुंचेंगे। उनके दौरे को लेकर कांग्रेस टीम अमेठी की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। मुख्य फोकस गौरीगंज बाईपास के पास तेजी का पुरवा स्थित मैदान पर आयोजित होने वाली कार्यकर्ता बैठक को लेकर है। माना जा रहा है कि 2027 विधानसभा चुनाव से पहले राहुल गांधी पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और बूथ स्तर तक के पदाधिकारियों को चुनावी रणनीति और संगठनात्मक मजबूती का संदेश देंगे।जिस स्थान पर कार्यक्रम आयोजित होना है, वहाँ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं भारतीय रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति के सदस्य अनुपम पांडेय के नेतृत्व में तैयारियां चल रही हैं। कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैठक व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी पहले कांग्रेस पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष रहे स्वर्गीय योगेंद्र मिश्रा के आवास पहुंचकर परिजनों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह गौरीगंज में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस संगठन, फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी दोपहर करीब 12 बजे गौरीगंज बाईपास स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। इसके बाद वह मुंशीगंज स्थित संजय गांधी हॉस्पिटल जाएंगे, जहां नवीन अल्ट्रासाउंड मशीन का उद्घाटन करेंगे। साथ ही वह इंदिरा गांधी नर्सिंग कॉलेज में नवनिर्मित ऑडिटोरियम का भी शुभारंभ करेंगे। उक्त आयोजित कार्यक्रम के समापन के बाद राहुल गांधी लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।
إرسال تعليق