महंगाई आम जनता की कमर तोड़ेगी, सरकार पूरी तरह नाकाम- राहुल गांधी
अमेठी। राहुल गांधी ने बुधवार को गौरीगंज में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोला। तपती धूप और भीषण गर्मी के बावजूद हजारों की भीड़ देखकर राहुल गांधी भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि अमेठी केवल राजनीतिक जमीन नहीं, बल्कि उनका परिवार है और यहां की जनता से उनका दिल का रिश्ता जुड़ा हुआ है।सभा में राहुल गांधी ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि आने वाले समय में देश में महंगाई और बढ़ेगी। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दाम आम आदमी की पहुंच से बाहर हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर, नौजवान और महिलाएं सबसे ज्यादा परेशान हैं, लेकिन सरकार जनता की पीड़ा सुनने को तैयार नहीं है। राहुल गांधी ने भाजपा सरकार पर संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि हर महत्वपूर्ण संस्था पर कब्जा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वोट की चोरी हो रही है और जनता की आवाज दबाई जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए राहुल गांधी ने कहा कि जनता को खर्च कम करने की नसीहत दी जाती है, लेकिन सत्ता में बैठे लोग खुद ऐशोआराम और विदेश यात्राओं में व्यस्त हैं। उन्होंने बेरोजगारी, बढ़ते अपराध और महंगाई को लेकर भी केंद्र सरकार को घेरा। राहुल गांधी ने मंच से ऐलान किया कि अगली बार वह अमेठी आएंगे तो बहन प्रियंका गांधी वाड्रा को भी साथ लेकर आएंगे। यह सुनते ही सभा स्थल तालियों और नारों से गूंज उठा।
अमेठी सांसद किशोरीलाल शर्मा ने कहा कि गांधी परिवार ने हमेशा अमेठी को अपना घर माना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने विकास और जनता की सेवा की राजनीति की है।कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाने का आह्वान किया। वहीं कांग्रेस नेता आराधना मिश्रा ने कहा कि अमेठी की जनता आज भी कांग्रेस के साथ मजबूती से खड़ी है।गौरीगंज में हुए इस सम्मेलन में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ी। पूरे कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी के समर्थन में जमकर नारेबाजी होती रही और सभा स्थल देर तक उत्साह से गूंजता रहा।
إرسال تعليق