खुरपका-मुहपका टीकाकरण अभियान शुरू, 45 दिन में 4.5 लाख से ज्यादा पशुओं का होगा टीकाकरण
सुल्तानपुर। जिले में राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत खुरपका-मुहपका टीकाकरण अभियान के 8वें चरण का शुभारंभ बुधवार को किया गया। सुल्तानपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनोद सिंह और मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार शर्मा ने पशु चिकित्सालय-सदर से हरी झंडी दिखाकर टीमों को रवाना किया। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. शर्मा ने बताया कि यह अभियान 22.07.2026 से 08.09.2026 तक 45 दिनों तक चलेगा। अभियान के तहत जनपद में 2,19,020 गोवंशीय और 2,35,036 लघु गोवंशीय पशुओं का टीकाकरण किया जाएगा। 4 माह से छोटे और 08 माह से ऊपर गाभिन पशुओं को छोड़कर शेष सभी का निशुल्क टीकाकरण होगा।
टीकाकरण के लिए जिले में कुल 39 टीमें गठित की गई हैं। प्रत्येक विकास खण्ड स्तर पर टीमें गांव-गांव जाकर पशुपालकों के द्वार पर टीकाकरण करेंगी। अभियान की मॉनिटरिंग के लिए डॉ. नरेन्द्र कुमार ओझा को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नामित किया गया है। उनका मोबाइल नंबर `9415472711` है। पशुपालकों की सुविधा के लिए मुख्य पशु चिकित्सालय-सदर पर कंट्रोल रूम भी बनाया गया है, जिसका नंबर `9721631107` है।
अधिकारियों ने बताया कि खुरपका-मुहपका एक वायरस जनित संक्रामक रोग है। इसमें तेज बुखार, मुंह से लार गिरना और पैरों में छाले हो जाते हैं। बचाव का एकमात्र उपाय समय पर टीकाकरण है। टीकाकरण से पहले सभी पशुओं के कान में टैग लगाना अनिवार्य है। टीका लगाने के बाद उसकी एंट्री 'गरिमा' ऐप पर की जाएगी।
إرسال تعليق