आठ वर्षों का लंबा इंतजार , खुली सहकारी समिति तो खुशी से झूमे किसान
अमेठी। खबर तिलोई क्षेत्र के कुकहा रामपुर से है जहां आठ वर्षों के लंबे इंतजार के बाद सोमवार को सहकारी समिति खुली । समिति के खुलते ही स्थानीय किसानों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी । लंबे अंतराल के बाद किसानों ने थोड़ा राहत महसूस की । सहकारी समिति खुलने की खुशी में समिति के सचिव राम नेवाज ने किसानों को लड्डू खिलाकर अपनी खुशी जाहिर की । मीडिया से बात करते हुए सचिव राम नेवाज ने बताया कि खाद लेने के लिए फॉर्मर रजिस्ट्री होनी जरूरी है । जिन किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री नहीं है वह अपनी रजिस्ट्री नजदीकी जनसेवा केंद्र पर जाकर करवा लें । स्थानीय किसान भूपेंद्र सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि सहकारी समिति कुकहा की विरासत है । इसकी देखरेख करना हम सभी किसानों की जिम्मेदारी है । लगातार आठ वर्षों के बाद आज पहली बार यहां से खाद मिली है जिससे स्थानीय किसान काफी खुश हैं । वहीं स्थानीय किसान राघव सिंह ने बताया कि समिति के खुलनें से अति प्रसन्नता है अब किसानों को खाद के लिए इधर - उधर नहीं भटकना पड़ेगा बल्कि समिति पर आसानी से कम रेट में खाद उपलब्ध हो जाएगी । समिति के उपाध्यक्ष राम बरन यादव ने बताया कि काफी प्रयास किया गया तब जाकर समिति दुबारा खुलने का समय आया है । अब किसानों को डीएपी और यूरिया के लिए कहीं भटकने की जरूरत नहीं है सीधे फॉर्मर रजिस्ट्री करवा के सहकारी समिति पर आ जाएं और किफायती रेट में खाद ले जाएं । स्थानीय लोगों का मानना है कि बाबूलाल रावत रामपुर का काफी योगदान समिति के क्रियान्वयन में रहा है । जानकारी के लिए बताते चलें आठ वर्ष पहले समिति भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई थी समिति के कई मुख्य लोगों पर पैसा गबन करने का आरोप लगा था जिसके बाद समिति पूरी तरह से भंग कर दी गई थी । जिसके बाद किसान खाद के लिए दर - दर की ठोकरें खा रहा था । काफी लंबे अंतराल के बाद जब समिति दुबारा खुली तो किसान खुशी से झूम उठे । इस मौके पर डॉक्टर शिवमूर्ति सिंह,राम किशोर,महेश प्रसाद,सुरेश कुमार, भोला,प्रहलाद गौतम,राम नरेश,मनीष तिवारी,दिलीप दीक्षित,शिवम प्रजापति आदि लोग मौजूद रहे।
Post a Comment