गर्भवती महिला के अंतिम संस्कार के बाद सिर के पास मिली छेनी, परिजनों ने पोस्टमार्टम करने वाले डाक्टरो पर लगाए गम्भीर आरोप
फिरोजाबाद। जनपद में थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के गांव लभौआ में गर्भवती महिला अंजली की मौत का मामला लगातार गरमाता जा रहा है। सोमवार को मृतका का अंतिम संस्कार होने के बाद आज सुबह अस्थियां इकटठे करने पहुंचे परिजनों को चिता की राख से एक छेनी बरामद हुई। उन्होंने पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सकों की टीम पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। मृतका अंजली के जेठ चरन सिंह का आरोप है कि वह जब श्मशान घाट पर अस्थियां बीनने पहॅुचे तो शव के अवशेषों के पास से लोहे की छेनी मिली। आशंका है कि पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टरों की गंभीर लापरवाही के चलते ऐसा हुआ होगा। सूचना पर थाना पुलिस गांव पहुंची। पुलिस का कहना है कि अंजली के शव का पोस्टमार्टम तीन डॉक्टरों के पैनल की निगरानी में हुआ था। ऐसे में इस तरह की चूक की गुंजाइश न के बराबर है। फिर भी परिजनों द्वारा छेनी मिलने के मामले की जांच कराई जा रही है।
बता दें कि रविवार रात शिकोहाबाद पुलिस द्वारा चोरी के शक में गांव लभौआ निवासी गौरव को हिरासत में लिया गया था, जिसके बाद उसकी गर्भवती पत्नी अंजली की सोमवार को प्रसव के दौरान मौत हो गई थी। परिजनों ने पुलिस पर धक्का-मुक्की करने का आरोप लगाया था। इस मामले में छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया था। परिजनों से बात करने पहुंचे एएसपी जयबिंद कुमार गुप्ता ने परिजनों को बताया कि पोस्टमार्टम कराते समय वीडियोग्राफी हुई है।उन्होंने छेनी मिलने के मामले को स्पष्ट करने के लिए परिजनों को थाने बुलाकर पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी दिखाए जाने की बात कही।
إرسال تعليق