आशनाई के चक्कर में सड़क पर युवक की जमकर पिटाई, मारपीट के बाद जबरन कार में ले जाने का आरोप
गाजियाबाद। जनपद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में बुधवार को समय करीब 5:00 बजे एक युवक को जबरन कार में बैठाकर ले जाने का मामला सामने आया है। लाल रंग की ब्रेजा कार सवार युवकों ने पहले युवक को सड़क पर पीटा। इसके बाद उसे कार में डालकर ले गए। परिवार वालों को पता चलने पर परिवार और आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस कार के नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। लक्ष्मी गार्डन गली नंबर-2 निवासी संदीप का एक युवती से प्रेम संबंध बताया जा रहा है। दोनों चोरी-छिपे एक-दूसरे से मिलते और फोन पर बात करते थे। कुछ दिन पहले युवती के परिवार को इसकी जानकारी हो गई। इसके बाद परिवार ने युवती के घर से बाहर निकलने पर रोक लगा दी।बताया गया है कि तीन दिन पहले युवती संदीप के घर आई थी। इसकी जानकारी होने पर युवती के परिजन और कुछ युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने संदीप को फोन कर घर के बाहर बुलाया। इसके बाद रास्ते में उसकी पिटाई की गई और जबरन कार में बैठाकर ले गए।करीब आधे घंटे बाद आरोपी संदीप को बंथला फ्लाईओवर के पास छोड़कर फरार हो गए। संदीप के शरीर पर चोटें आई हैं। उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस वीडियो और कार के नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी संदीप के घर से करीब एक किलोमीटर दूर रहते हैं।
Post a Comment