मैरवा स्टेशन के रैक प्वाइंट से बिजली तार चुराते युवक ग्रामीणों ने पकड़ा, आरपीएफ को सौंपा
सीवान / मैरवा। स्थानीय रेलवे स्टेशन परिसर स्थित रैक प्वाइंट से रेलवे का बिजली तार चोरी करने के प्रयास को स्थानीय लोगों ने नाकाम कर दिया। ग्रामीणों व आसपास मौजूद लोगों ने तार काट रहे एक युवक को रंगेहाथ पकड़ लिया और तत्काल रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) के सुपुर्द कर दिया। घटना के संदर्भ में मिली जानकारी के अनुसार, रैक प्वाइंट क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि दिखने पर स्थानीय लोग सतर्क हो गए। युवक जैसे ही बिजली तार समेटने लगा, लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे चारों तरफ से घेरकर पकड़ लिया। घटना की भनक लगते ही मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही आरपीएफ इंस्पेक्टर मैरवा पहुंचे और आरोपी को बरामद चोरी के तार के साथ अपनी हिरासत में ले लिया। इसके बाद आरपीएफ टीम उसे अग्रिम कार्रवाई के लिए सीवान ले गई। आरपीएफ सूत्रों के अनुसार, पकड़ा गया युवक पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के भाटपार रानी क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। आरपीएफ आरोपी को सीवान पोस्ट पर रखकर उससे सघन पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा चोरी का माल कहां खपाया जाता था। मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
إرسال تعليق