सीने में दर्द के बाद हेड कांस्टेबल प्रकाश चंद्र यादव का निधन, विभाग में शोक की लहर
अमेठी। रामगंज पुलिस चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल प्रकाश चंद्र यादव का इलाज के दौरान निधन हो गया। बुधवार देर शाम अचानक सीने में दर्द की शिकायत होने पर उन्हें उपचार के लिए लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के कार्डियोलॉजी सेंटर ले जाया गया। यहां चिकित्सकों की देखरेख में उपचार के बाद उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा था। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे मेदांता अस्पताल में उपचार के दौरान हेड कांस्टेबल प्रकाश चंद्र यादव ने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। रामगंज पुलिस चौकी पर तैनात उनके सहकर्मियों और परिचितों में भी दुख का माहौल है। प्रकाश चंद्र यादव मूल रूप से चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र के मेढ़वा गांव के निवासी थे। वह अमेठी जनपद के रामगंज पुलिस चौकी पर हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे और अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे थे। अचानक तबीयत बिगड़ने और उपचार के दौरान उनके निधन की खबर से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। एक पुलिसकर्मी के असमय निधन से पुलिस विभाग ने अपना एक साथी खो दिया है। घटना से उनके परिवार और शुभचिंतकों में शोक व्याप्त है।
إرسال تعليق