अभाविप का प्रांत अधिवेशन हुआ संपन्न, नवीन कार्यकारिणी का किया गया गठन
सुल्तानपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, काशी प्रांत का चार-दिवसीय 64वाँ अधिवेशन भगवान कुश की नगरी कुशभवनपुर (सुल्तानपुर) में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और नवीन कार्यकारिणी का गठन किया गया। चार दिन तक चले इस प्रांत अधिवेशन में चार महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए, जिनमें 'कोचिंग संस्थानों द्वारा शिक्षा ने व्यवसायीकरण एवं अनैतिक क्रिया-कलापों पर लगे रोक', 'पर्यावरण संरक्षण की गतिविधि का केंद्र बने शैक्षणिक परिसर', 'महाकुम्भ 2025 मे पधारने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत प्रस्ताव' एवं 'उत्तर प्रदेश की युवा शक्ति को कुशल बनाने का आधार बन रही है स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना' स्वागत प्रस्ताव जैसे महत्वपूर्ण विषय सम्मिलित हैं। इस प्रांतीय अधिवेशन में काशी प्रांत के लगभग बारह सौ (1200) विद्यार्थी एवं शिक्षक कार्यकर्ता सम्मिलित हुए हैं, जिसमें पुनः प्रांत अध्यक्ष एवं मंत्री के रूप में प्रो सुचिता त्रिपाठी एवं अभय प्रताप सिंह का निर्वाचन किया गया है।
अभाविप, काशी प्रांत के इस प्रांत अधिवेशन में पारित किए प्रस्ताव में कोचिंग संस्थानों द्वारा शिक्षा के बढ़ते बाजारीकरण एवं अनैतिक क्रिया कलापों के बढ़ते प्रभाव के मद्देनजर शिक्षा के व्यवसायीकरण को बढ़ावा देने वाले क्रिया कलापों पर तत्काल रोक लगाते हुए कोचिंग संस्थानों में मानवीय संवेदना एवं नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने हेतु आवश्यक कदम उठाए जाने की सभी हितधारकों से मांग की है। विश्व भर में उत्पन्न हो रही पर्यावरणीय समस्याओं के निवारण में परिसरों की महती भूमिका सुनिश्चित करने हेतु पर्यावरण संरक्षण की गतिविधियों का केंद्र बने शैक्षणिक परिसर विषय पर प्रस्ताव पारित किया गया है। इसी के साथ प्रयाग में आयोजित हो रहे महाकुंभ की विशिष्टता एवं महत्ता बताए हुए विश्वभर से आने वाले श्रद्धालुओं एवं संतों का स्वागत प्रस्ताव भी पारित किया गया। इसी के साथ उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं के सशक्तीकरण हेतु चलाई जा रही 'स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना' का अभिनंदन करते हुए प्रस्ताव पारित किया गया है। इन चार प्रस्तावों के प्रस्तावक प्रांत मंत्री अभय प्रताप सिंह, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अभिनव मिश्र, प्रांत सह-मंत्री कार्तिकेय पति त्रिपाठी एवं प्रांत सह-मंत्री नमन श्रीवास्तव ने सुझावों हेतु सभी प्रतिनिधियों से आग्रह किया था, जिसके पश्चात सभी सुझावों को सम्मिलित करते हुए प्रांत अध्यक्ष सुचिता त्रिपाठी द्वारा इन महत्वपूर्ण प्रस्तावों को पारित किया गया है।
भाषण सत्र के वक्ता के रूप में उपस्थित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय संगठन मंत्री घनश्याम शाही ने कहा कि युवा भारत का आधार है और यह ही देश की दिशा और दशा को तय करने वाला होगा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद युवाओं के व्यक्तित्व विकास की नर्सरी के रूप में कार्य रही है साथ ही युवा राष्ट्र प्रथम के भाव के साथ आगे बढ़ सके इसके हेतु भी बीजारोपण कर रही है। अभाविप का कार्यकर्ता अपने विद्यार्थी दायित्व के साथ ही सामाजिक दायित्व का भी निर्वहन करता है, जो इसे अन्य छात्र संगठनों से अलग बनाती है। आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विश्व के सबसे बड़ी छात्र संगठन के रूप में बनकर उभरी है, यह अभाविप कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए अनन्य संघर्षों की देन है। कुछ छात्र संगठन कथ्य को तथ्य बनाकर समाज में विकृति फैलाने का कार्य कर रहे हैं, अभाविप उनको रोकने का कार्य करेगी।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय मंत्री अंकित शुक्ल ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने भारत को पुनः वैश्विक पटल पर स्थापित करने को ठान लिया है। जिस विकसित भारत का सपना हम सभी देख रहे हैं, वह भारतीय ज्ञान परंपरा के माध्यम से ही संभव हो पाएगा। यदि हम इतिहास के पन्नों में देखेंगे तो मिलेगा कि भारत की संस्कृति विश्व में किसी अन्य संस्कृति से अधिक उन्नत रही है। आज हम पंच परिवर्तनों की बात करते हैं, उन सभी पंच परिवर्तन की जड़ हमारी उदात्त संस्कृति में विद्यमान है। मुझे यह पूर्ण विश्वास है कि भारत अब प्रश्न पूछने वाले नहीं प्रश्नों के उत्तर देने वाला बनेगा और पुनः विश्व का सिरमौर बन उभरेगा।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद काशी प्रांत के प्रांत मंत्री अभय प्रताप सिंह ने इस सत्र हेतु नवीन कार्यकारिणी को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि अभाविप, काशी प्रांत का यह अधिवेशन ऐतिहासिक अनुभवों का गवाह रहा है। यहां के कार्यकर्ताओं में इस अधिवेशन को भव्य बनाने हेतु बहुत प्रयास किया है, जिसके फलस्वरूप आज इस भव्य अधिवेशन का समापन हो रहा है। आज नवीन कार्यकारिणी की घोषणा भी की गई है और मुझे यह पूर्ण विश्वास है कि यह कार्यकारिणी साल भर विद्यार्थियों की सभी समस्याओं का निराकरण करने के लिए और भी प्रभावी रूप से कार्य करेगी।
Tags
विविध समाचार