सीपी राधाकृष्णन चुने गए भारत के अगले उपराष्ट्रपति, भारी मतों से मिली जीत
नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मंगलवार को मतदान संपन्न हुआ, जिसमें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के उम्मीदवार सी. पी. राधाकृष्णन और विपक्ष के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी के बीच सीधा मुकाबला था। मंगलवार की सुबह 10 बजे मतदान शुरू हुआ और शाम पांच बजे तक चला। शाम छह बजे से मतगणना शुरू हुई। सीपी राधाकृष्णन को भारत का अगला उपराष्ट्रपति चुना गया है।
उपराष्ट्रपति चुनाव में एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन की जीत पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, सीपी राधाकृष्णन का जीवन जन कल्याण के लिए समर्पित रहा है। विपक्ष के भी कई नेताओं के वोट हमारे उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन को मिले हैं। मैं सी.पी. राधाकृष्णन को निर्वाचित होने की बधाई देता हूं।
राजस्थान के प्रदेश भाजा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने उपराष्ट्रपति चुनाव में एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन की जीत पर कहा, इस बार कांग्रेस ने अंतर आत्मा की आवाज सुनने का आह्वान किया था लेकिन वह उनके खिलाफ चला गया, कई सांसदों की आत्मा जाग गई और उन्होंने हमारे एनडीए उम्मीदवार को वोट देकर हमें भारी मतों से जिताया। मैं उन लोगों का भी धन्यवाद करता हूं जिनकी आत्मा जागी। सांसदों ने प्रधानमंत्री मोदी की कार्यशैली पर अपनी मुहर लगाई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सी.पी. राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति चुनाव में जीतने पर बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, उनका जीवन हमेशा समाज की सेवा और गरीबों व हाशिए पर पड़े लोगों को सशक्त बनाने के लिए समर्पित रहा है। मुझे विश्वास है कि वे एक उत्कृष्ट उपराष्ट्रपति होंगे, जो हमारे सांविधानिक मूल्यों को मजबूत करेंगे और संसदीय संवाद को आगे बढ़ाएंगे।
राष्ट्रपति मुर्मू ने भी दीं नए उपराष्ट्रपति को शुभकामनाएं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सी.पी. राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति चुनाव में जीत पर बधाई दी। राष्ट्रपति मुर्मू ने एक्स पर लिखा, 'सार्वजनिक जीवन में आपके दशकों के समृद्ध अनुभव राष्ट्र की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। मैं आपको एक सफल और प्रभावशाली कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देती हूं।'
कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने सी.पी. राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति चुनाव जीतने पर बधाई दी।
राज्यसभा महासचिव पी.सी. मोदी ने घोषणा की कि एनडीए उम्मीदवार और महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन को 452 मत मिले हैं। उन्हें भारत के उपराष्ट्रपति के रूप में चुना गया है। विपक्ष के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार न्यायमूर्ति सुधर्शन रेड्डी को 300 मत प्राप्त हुए हैं।
Tags
चुनाव समाचार
