WhatsApp

Join KMB News WhatsApp Channel

Get instant Hindi & English news updates directly on WhatsApp.

ग्राम पंचायत गुमतरा में खेत व तालाब निर्माण में भ्रष्टाचार का बोलबाला, रोजगार सहायक पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप

ग्राम पंचायत गुमतरा में खेत व तालाब निर्माण में भ्रष्टाचार का बोलबाला, रोजगार सहायक पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप

केएमबी ब्यूरो श्रावण कामड़े

बिछुआ। जनपद पंचायत बिछुआ अंतर्गत ग्राम पंचायत गुमतरा में भ्रष्टाचार का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। यहां विकास कार्यों में अनियमितता, फर्जी बिलिंग और अपूर्ण निर्माण कार्यों के जरिए शासन की राशि का दुरुपयोग लगातार किया जा रहा है।
ग्राम पंचायत गुमतरा के अंतर्गत मनरेगा योजना के तहत खेत तालाब निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया था। लाभार्थी शंकर पिता साधु (45 वर्ष) निवासी गुमतरा के खेत में तालाब निर्माण का प्रावधान था, लेकिन पंचायत के रोजगार सहायक ने बिना निर्माण कार्य कराए ही राशि निकाल ली। मौके पर न तो तालाब बना और न ही कोई खुदाई हुई, बल्कि उस भूमि पर आज भी फसल और घास खड़ी है। ग्रामीणों का आरोप है कि रोजगार सहायक ने फर्जी मास्टर रोल तैयार कर ऐसे लोगों के नाम दर्ज किए जो कभी कार्य स्थल पर पहुंचे ही नहीं।
ग्रामीण मेट गयाप्रसाद डेहरिया का कहना है- “मुझे रोजगार सहायक ने कहा था कि जिन खातों में राशि डाली गई है, उनसे पैसे लेकर आओ। मैंने उसके कहने पर सभी राशि उसे दे दी। लेकिन तालाब का निर्माण आज तक शुरू नहीं हुआ।”
इसी तरह ग्राम पंचायत उप सरपंच अजय रघुवंशी ने बताया- “ग्राम पंचायत में तालाब व कुआं निर्माण कार्यों में भारी भ्रष्टाचार हुआ है। बिना काम कराए ही लाखों की राशि निकाली जा रही है। फर्जी मास्टर रोल निकालकर शासन की राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है। हम जिला कलेक्टर से उच्च स्तरीय जांच की मांग करेंगे।”
गांव के लोगों ने आरोप लगाया कि मनरेगा के काम मशीनों से कराए जा रहे हैं और फर्जी मस्टर भरकर भुगतान दिखाया जा रहा है। शिकायतों को अधिकारी अनदेखा कर रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
गौरतलब है कि करीब दो वर्ष पूर्व भी इसी पंचायत में ग्रामीणों ने भ्रष्टाचार के खिलाफ धरना दिया था। उस समय जांच में रोजगार सहायक दोषी पाया गया और निलंबित भी किया गया था, लेकिन प्रशासनिक संरक्षण के चलते यह फिर से सक्रिय होकर मनमानी कर रहा है।
ग्रामीणों की मांग है कि ग्राम पंचायत गुमतरा में हुए फर्जी भुगतान, तालाब और कुआं निर्माण कार्यों की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंद गरीबों तक पहुंच सके।
जनपद पंचायत सीईओ गौरव तिवारी का कहना है कि यह मामला मेरे संज्ञान में बुधवार को आया जिसको लेकर टीम गठित कर मामले की जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
रोजगार सहायक गुमतरा का कहना है कि मेरे ऊपर भ्रष्टाचार के गलत आरोप लगाए जा रहे है।
और नया पुराने

Ads


 

Ads

نموذج الاتصال