अयोध्या की जेल से तन्हाई बैरक तोड़ 2 कैदी फरार, जेल अधीक्षक, जेलर और डिप्टी जेलर सहित 7 सस्पेंड
अयोध्या। दो कैदी जिला जेल से फरार हो गए हैं। कैदियों के नाम गोलू अग्रहरि और शेर अली हैं। ये दोनों तन्हाई बैरक तोड़ने के बाद बाउंड्री वॉल कूदकर आगे फरार हुए हैं। कैदियों में गोलू अग्रहरि अमेठी और शेल अली सुल्तानपुर का रहने वाला है। इनमें से एक हत्या के प्रयास और दूसरा बलात्कार के मामले में जेल में बंद था। कैदियों की फरारी की खबर से जिले में हड़कपं मच गया है। मामले में कार्रवाई करते हुए जेल के डीजी पीसी मीणा ने वरिष्ठ जेल अधीक्षक उदय प्रताप मिश्रा, जेलर जेके यादव, डिप्टी जेलर मयंक त्रिपाठी समेत एक हेड जेल वॉर्डर और तीन जेल वार्डरों को सस्पेंड कर दिया है। मामले की सूचना मिलते ही जिले के डीएम निखिल टीकाराम फुंडे और एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर भी जिला जेल पहुंचे हैं। मौके पर पहुंचे जेल डीआईजी शैलेंद्र कुमार मैत्रेय ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्हें सुबह करीब 7:30 बजे कैदियों के फरार होने की सूचना मिली। उन्होंने कहा कि यह सुरक्षा में चूक का गंभीर मामला है। यह हद दर्जे की लापरवाही है। घटना में दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
फरार कैदियों में शेर अली पर हत्या के प्रयास का मामला है। उसके ऊपर गैंगस्टर एक्ट भी लगी हुई है। वह नवंबर 2024 से अयोध्या जिला जेल में बंद था। वहीं, गोलू अग्रहरि यहां सितंबर 2025 से बंद था। उसके ऊपर पॉक्सो और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज है। प्राप्त जानकारी के अनसार फरार कैदियों की तलाश के लिए कई टीमें बनाई गई हैं। पुलिस और जेल प्रशासन, दोनों अपने स्तर से इन कैदियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश कर रहे हैं।