विजयन्त बस्ती, गोमती नगर फेस-2 में विशाल हिंदू सम्मेलन आयोजित
लखनऊ। विजयन्त खंड स्थित महाराणा प्रताप पार्क, गोमती नगर में शुक्रवार को विशाल हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संत महंत वैदेही वल्लभ शरण महाराज (बावन मंदिर, श्रीधाम अयोध्या) की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने अपने उद्बोधन में हिंदू समाज की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि सभी हिंदू समाज के लोग संगठित होकर धर्म की रक्षा तथा विकसित राष्ट्र के निर्माण में सहभागी बनें। मुख्य वक्ता एवं प्रेरक उद्बोधक के रूप में विश्व हिंदू परिषद, अवध प्रांत के प्रांत संगठन मंत्री विजय ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पश्चिमी सभ्यता का प्रभाव भारतीय संस्कृति पर तेजी से बढ़ रहा है। 1943 में लॉर्ड मैकाले द्वारा भारतीय शिक्षा प्रणाली में किए गए परिवर्तनों के परिणामस्वरूप मानसिक गुलामी को बढ़ावा मिला तथा साहित्य और इतिहास में हमारे महापुरुषों को विकृत रूप में प्रस्तुत किया गया। क्रांतिकारियों, गुरुओं और संतों के साथ इतिहास में अन्यायपूर्ण व्यवहार किया गया। उन्होंने कहा कि भगत सिंह जैसे क्रांतिकारी को अंग्रेजों ने अपराधी की संज्ञा दी। आज भी कुछ स्थानों पर विधर्मी एवं वामपंथी विचारधाराओं से जुड़े लोग भारतीय संस्कृति एवं मूल्यों को क्षति पहुँचाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि 1998 में भारत को ऐसा नेतृत्व मिला जिसने परमाणु परीक्षण कर राष्ट्र का गौरव विश्व मंच पर बढ़ाया। वर्ष 2014 में देश को मिला सशक्त नेतृत्व भारत की वैश्विक पहचान को नई ऊँचाइयों तक ले गया। उन्होंने कहा कि 1992 के पहले जहाँ लोग जनेऊ व तिलक करने में झिझकते थे, आज हिंदू समाज आत्मगौरव के साथ अपनी पहचान स्वीकार कर रहा है। हिंदू सम्मेलन समन्वयक भाजपा प्रदीप मिश्रा ने बताया कि इसी प्रकार गोमती नगर फेस-2 की सभी बस्तियों में 31 जनवरी तक ऐसे कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। आज के कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में धर्म उपदेशक अजय कृष्ण दास (हरे कृष्ण मंदिर), राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ लखनऊ पूरब भाग के संघचालक प्रभात अधौलिया, महामना मालवीय मिशन के संरक्षक प्रभुनारायण श्रीवास्तव, भाग कार्यवाह ज्योति जी, नगर संघचालक जगबीर सिंह, नगर सह संघचालक रुद्र नारायण, नगर कार्यवाह चेतन डूंगरकोटी सहित सुधीर सहगल, फूलचंद, प्रमोद शुक्ला, प्रमोद सिंह, अनिल सिंह, अभिषेक दुबे, कमल कुमार, मुकुल अवस्थी, संजीव माहेश्वरी, मनीष पांडे, राजेश रावत तथा बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं हिंदू समाज के लोग उपस्थित रहे। सम्मेलन में स्थानीय नागरिकों, युवाओं एवं विभिन्न सामाजिक व सांस्कृतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
Tags
विविध समाचार