समाजसेविका कंचन गुप्ता बनी महिला नेतृत्व की प्रेरणादायी मिसाल, नारी को अधिकार के साथ कर्तव्य से जोड़ने का दिया सशक्त संदेश
अमेठी। समाजसेविका एवं भारतीय उद्योग व्यापार मंडल महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष कंचन गुप्ता ने अपने विचारों, कार्यशैली और सामाजिक सक्रियता से महिला नेतृत्व की एक सशक्त, संतुलित और प्रेरणादायी छवि प्रस्तुत की है। रामगंज में आयोजित महिला सशक्तिकरण, जागरूकता एवं महिला संवाद सम्मेलन में उन्होंने नारी शक्ति को केवल अधिकारों तक सीमित न रखकर कर्तव्यों, संस्कारों और राष्ट्रधर्म से जोड़ने का प्रभावशाली संदेश दिया। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल रामगंज अध्यक्ष दीपक अग्रहरि द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में समाजसेविका कंचन गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। महिला अधिकार, जागरूकता और सामाजिक सहभागिता पर उनके विचारों ने उपस्थित महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि नारी किसी एक वर्ग या आंकड़े तक सीमित नहीं है, बल्कि वह संस्कृति, सभ्यता और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। परिवार से लेकर समाज और राष्ट्र तक संस्कारों की मशाल नारी ही जलाती है।अपने संबोधन में उन्होंने भारतीय इतिहास और परंपराओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत में नारी को शक्ति का स्वरूप माना गया है। मां दुर्गा, माता सीता और रानी पद्मिनी जैसी वीरांगनाएं नारी शक्ति की प्रतीक हैं, जिन्होंने मर्यादा, त्याग और राष्ट्र रक्षा का मार्ग प्रशस्त किया।कंचन गुप्ता ने वर्तमान समय में नारी सम्मान से जुड़ी चुनौतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अमर्यादित आचरण और कानूनों के दुरुपयोग से समाज की सोच प्रभावित होती है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सशक्त नारी वही है जो सत्य, मर्यादा और विवेक को अपना शस्त्र बनाए, न कि कानून का दुरुपयोग करे। अधिकारों के साथ कर्तव्यों की जागरूकता आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।कार्यक्रम के समापन पर उन्होंने कहा कि जब नारी सशक्त होती है, तो परिवार मजबूत होता है, परिवार से समाज और समाज से राष्ट्र अजेय बनता है। सम्मेलन में लगभग 200 महिलाओं ने सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. रामकरण (महामंत्री) ने की। इस अवसर पर सुनीता अग्रहरि, मंजू, अर्चना, नीलम, प्राची सहित प्रशासनिक अधिकारी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उपस्थित जनसमूह ने कंचन गुप्ता के विचारों की सराहना करते हुए उन्हें महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
Tags
विविध समाचार