कंचन गुप्ता बनीं व्यापारियों की सशक्त आवाज, एसपी ने व्यापारियों को दिलाया सुरक्षा का भरोसा
अमेठी। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने सोमवार को पुलिस कार्यालय सभागार, गौरीगंज में भारतीय उद्योग व्यापार मंडल सहित जनपद के विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में बर्तन व्यवसायी, सर्राफा व्यापारी, पेट्रोल पंप संचालक, गेस्ट हाउस संचालक सहित अन्य व्यापारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक के दौरान एसपी ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। उन्होंने ऑपरेशन दृष्टि के तहत व्यापारियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए अपने-अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने की अपील की। एसपी ने कहा कि सीसीटीवी कैमरे न केवल अपराधों की रोकथाम में सहायक होंगे, बल्कि किसी भी घटना के खुलासे में भी अहम भूमिका निभाएंगे। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष कंचन गुप्ता ने बैठक में व्यापारियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया और महिला व्यापारियों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विशेष ध्यान देने की मांग की। उनकी भूमिका को व्यापारियों की सशक्त आवाज के रूप में सराहा गया। बैठक में भारतीय उद्योग व्यापार मंडल महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष कंचन गुप्ता, जिलाध्यक्ष सियाराम वैश्य, जिला संगठन मंत्री अनिल कुमार पाल, महामंत्री हरिश्चंद्र गुप्ता, उपाध्यक्ष रदीपक अग्रहरि सहित अन्य व्यापारिक संगठन व पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में एसपी ने व्यापारियों को हरसंभव सुरक्षा सहयोग का भरोसा दिलाते हुए पुलिस-व्यापारी समन्वय को और मजबूत करने की बात कही।
Tags
व्यापार समाचार