विकासखंड बिछुआ में लखपति दीदी संवाद कार्यक्रम आयोजित
विकासखंड बिछुआ में नयी चेतना अभियान 4.0 के अंतर्गत “हौसलों की उड़ान” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लखपति दीदी संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें जिला परियोजना प्रबंधक श्रीमती रेखा अहिरवार, जनपद पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गौरव तिवारी तथा जिला कार्यालय से नोडल अधिकारी हेमेंद्र भाकने के मार्गदर्शन में कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष सतीश भलावी एवं उपाध्यक्ष निरंकुश नागरे विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने लखपति दीदियों से संवाद किया, उनके अनुभव सुने एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
संवाद कार्यक्रम में लखपति दीदी लक्ष्मी घाघरे, अनीता कनौजिया, रेखा कोवाची, रानू परतेती, वर्षा धुर्वे, सुमन सोमकुवर, राजवती मालवीय, गीता नागरे, नीलू चौधरी, गायत्री साहू, सारिका राजपूत, रामकली धुर्वे, संगीता उईके, उर्मिला सुखदेवे, उषा ढोके सहित अन्य लखपति दीदियों ने स्वयं सहायता समूह से जुड़ने के बाद अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को साझा किया।
लखपति दीदी अनीता कनौजिया ने बताया कि समूह से जुड़ने से पहले उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर थी। घरेलू कार्य एवं पति के सिलाई कार्य से सीमित आय थी। समूह से जुड़ने के बाद आर्थिक कल्याण योजनाओं का लाभ लेकर उन्होंने कंप्यूटर की दुकान प्रारंभ की तथा बाद में राशन दुकान भी प्राप्त हुई, जिससे वे आज लखपति दीदी बनीं। उन्होंने यह भी बताया कि उनका चयन 26 जनवरी को दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड देखने हेतु किया गया है।
रामकली धुर्वे ने बताया कि समूह से जुड़कर उन्होंने ट्रैक्टर, ट्रेसर एवं अन्य कृषि उपकरण खरीदे और गांव व आसपास के गांवों में अन्य समूह सदस्यों को भी लखपति बनाने का प्रयास कर रही हैं।
संगीता उईके ने बताया कि समूह से जुड़ने के पश्चात उन्होंने जनरल स्टोर प्रारंभ किया तथा पति के लिए ट्रैक्टर एवं फोर व्हीलर खरीदी। वर्तमान में उनके यहां 3 से 4 मजदूर कार्यरत हैं।
सुमन सोमकुवर ने बताया कि उन्होंने किराना दुकान, फोर व्हीलर एवं अन्य उपकरण खरीदे, साथ ही अपनी पढ़ाई पूरी कर स्थानीय स्तर पर निजी संस्था में रोजगार प्राप्त किया और आज वे लखपति दीदी बन चुकी हैं।
विकासखंड प्रबंधक श्री सुनील मिश्रा ने आजीविका मिशन योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि विभिन्न विभागों से समन्वय कर समूह सदस्यों को लखपति कैसे बनाया जा सकता है।
श्री कैलाश मानमोड ने जानकारी दी कि 13 तारीख को लखपति दीदी संवाद कार्यक्रम, 14 तारीख को विशेष पतंग महोत्सव एवं गुड़-तिल बैठक तथा 15 तारीख को ग्राम पंचायत पुलपुलदोह में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में सहायक विकासखंड प्रबंधक ममता भारती, शांता प्रसाद बर्मन, विजय कुमार पातुलकर, संकुल संगठन के अध्यक्ष, सचिव एवं बड़ी संख्या में समूह सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सफलतापूर्वक किया गया।
Tags
विविध समाचार