WhatsApp

Join KMB News WhatsApp Channel

Get instant Hindi & English news updates directly on WhatsApp.

अमेठी में बनेगा 20 बेड का अत्याधुनिक केयर कैंसर सेंटर, तिलोई मेडिकल कॉलेज में गंभीर बीमारी के इलाज की बड़ी पहल

अमेठी में बनेगा 20 बेड का अत्याधुनिक केयर कैंसर सेंटर, तिलोई मेडिकल कॉलेज में गंभीर बीमारी के इलाज की बड़ी पहल

केएमबी खुर्शीद अहमद
तिलोई,अमेठी। अमेठी जिले में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। स्वास्थ्य विभाग ने तिलोई स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में 20 बेड का अत्याधुनिक केयर कैंसर सेंटर स्थापित करने की दिशा में ठोस पहल शुरू कर दी है। इससे जिले के मरीजों को इलाज के लिए लखनऊ या अन्य बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. अंशुमान सिंह ने इस संबंध में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशों के क्रम में जिले में कैंसर से लड़ने के लिए एक सुव्यवस्थित और बहुस्तरीय मॉडल तैयार किया गया है। इसके तहत जिले के सभी 196 आयुष्मान आरोग्य केंद्रों पर ब्रेस्ट कैंसर और ओरल कैंसर की स्क्रीनिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। प्राथमिक जांच में संदिग्ध पाए जाने वाले मरीजों को आगे की जांच और उपचार के लिए कल्याण सिंह कैंसर इंस्टीट्यूट सहित अन्य नामित अस्पतालों में रेफर किया जा रहा है। प्रस्तावित केयर कैंसर सेंटर में कीमोथेरेपी एडमिनिस्ट्रेशन एरिया विकसित किया जाएगा। यहां प्रत्येक बेड पर रिक्लाइनर चेयर, बेड, ऑक्सीजन एवं सक्शन पाइपलाइन तथा एसी की सुविधा उपलब्ध होगी। मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आरामदायक वेटिंग एरिया, पंजीकरण काउंटर, डॉक्टर्स कंसल्टेशन रूम और नर्सिंग स्टेशन की भी व्यवस्था की जाएगी। मरीजों की जांच और निगरानी के लिए पोर्टेबल रजिस्ट्रेशन एवं यूनिक-आईडी आधारित उपचार व्यवस्था लागू होगी। इसके साथ ही मानसिक सहयोग और बीमारी से जुड़ी जानकारी देने के लिए अलग काउंसलिंग रूम भी बनाया जाएगा।सीएमओ ने बताया कि विशेषज्ञों से परामर्श के लिए टेलीमेडिसिन और आईटी आधारित सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अतिरिक्त मरीजों और तीमारदारों के लिए वेटिंग एरिया, दिव्यांग-अनुकूल शौचालय, मेडिकल स्टोर और कैंटीन जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि यह कैंसर सेंटर जिले के लिए मॉडल उपचार केंद्र के रूप में स्थापित हो।
और नया पुराने

Ads


 

Ads

نموذج الاتصال