वोटर लिस्ट घोटाला: बीजेपी ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, कांग्रेस पार्टी पर जबरदस्त हमला
अमेठी। जिले में एक बार फिर सियासी पारा चढ़ गया है। भारतीय जनता पार्टी अमेठी इकाई ने कांग्रेस पार्टी पर मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में भारी धांधली का गंभीर आरोप लगाया है। बीजेपी का आरोप है कि कांग्रेस खुलेआम फर्जी नाम जुड़वाने और दलित, पिछड़ा तथा सामान्य वर्ग के वास्तविक मतदाताओं के नाम कटवाने का षड्यंत्र कर रही है। इसी मुद्दे को लेकर भाजपा का एक विशाल प्रतिनिधिमंडल जिला अध्यक्ष सुधांशु शुक्ला के नेतृत्व में गौरीगंज कलेक्ट्रेट पहुंचा और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।भाजपा जिला अध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस का इतिहास लोकतंत्र को कुचलने, बूथ कैप्चरिंग कराने और फर्जी मतदान कराने का रहा है। जनता पर भरोसा न होने के कारण कांग्रेस हर चुनाव में वोट चोरी का सहारा लेती है। उन्होंने 2014 लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भी अमेठी के कई बूथों पर फर्जी मतदान कराकर चुनाव प्रभावित किया गया था। भाजपा ने 4 फरवरी 2026 की एक घटना का भी हवाला दिया। आरोप है कि ग्राम ठेंगहा के बूथ संख्या 207 और 208 पर कांग्रेस जिला सचिव राकेश कुमार मौर्य और उनकी पत्नी ने पुनरीक्षण अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने और फॉर्म भरने से रोकने की कोशिश की। विरोध होने पर वे मौके से भाग खड़े हुए। भाजपा का यह भी आरोप है कि बाद में कांग्रेस नेता ने भाजपा जिलाध्यक्ष को झूठे मुकदमे में फंसाने की नीयत से मनगढ़ंत शिकायत प्रशासन को दी। सुधांशु शुक्ला ने साफ कहा कि अगर निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो भाजपा सड़क पर उतरकर लोकतंत्र की रक्षा करेगी। भाजपा ने चुनाव आयोग, मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश और जिलाधिकारी अमेठी से मांग की है कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच हो, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित की। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या कदम उठाता है।
Tags
चुनाव समाचार
