WhatsApp

Join KMB News WhatsApp Channel

Get instant Hindi & English news updates directly on WhatsApp.

पूर्व सैनिकों की एकजुटता का दिखा अनोखा उदाहरण, माहेमऊ में देशसेवा और भविष्य पर हुआ मंथन

पूर्व सैनिकों की एकजुटता का दिखा अनोखा उदाहरण, माहेमऊ में देशसेवा और भविष्य पर हुआ मंथन

केएमबी खुर्शीद अहमद
अमेठी। जगदीशपुर विकासखंड के ग्राम माहेमऊ में देशभक्ति, अनुशासन और सामाजिक सरोकारों की एक प्रेरक मिसाल उस समय देखने को मिली, जब सेवानिवृत्त सूबेदार अब्दुल कलाम फौजी के नेतृत्व में क्षेत्रीय पूर्व सैनिकों का भव्य मिलन समारोह आयोजित किया गया। नामदारपुर स्थित उनके आवास पर हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में कैप्टन, सूबेदार सहित विभिन्न रैंकों के पूर्व सैनिकों के साथ स्थानीय पत्रकार भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वर्षों से अलग-अलग स्थानों पर रह रहे पुराने सैन्य साथियों को एक मंच पर लाना, आपसी सहयोग को सुदृढ़ करना और समाजसेवा की भावना को आगे बढ़ाना रहा। इस अवसर पर पूर्व सैनिकों ने अपने सैन्य अनुभव साझा किए और वर्तमान परिस्थितियों व भविष्य की चुनौतियों पर गंभीर मंथन किया।पूर्व सैनिकों ने कहा कि सेना में बिताया गया प्रत्येक दिन अनुशासन, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण की सीख देता है। सीमाओं पर तैनात रहकर देश की रक्षा करना गर्व की बात होने के साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने बताया कि परिवार से दूर रहकर राष्ट्रसेवा करना आसान नहीं होता, लेकिन देशहित सर्वोपरि रहता है।
समारोह में सेवानिवृत्त सूबेदार अब्दुल कलाम फौजी द्वारा किए जा रहे सामाजिक और मानवीय कार्यों की सभी ने सराहना की। मस्जिद निर्माण, गरीबों की मदद, हज-उमरा यात्रा में सहयोग सहित अनेक जनकल्याणकारी कार्य उनके सेवा भाव को दर्शाते हैं।
युवाओं को संदेश देते हुए पूर्व सैनिकों ने कहा कि सेना में जाना केवल रोजगार नहीं, बल्कि राष्ट्र के लिए जीवन समर्पित करने का संकल्प है। युवाओं को नशा, भटकाव और गलत संगति से दूर रहकर लक्ष्य के प्रति ईमानदारी से प्रयास करना चाहिए।इस दौरान अग्निवीर योजना पर भी गहन चर्चा हुई। पूर्व सैनिकों ने आशंका जताई कि अल्पकालिक सेवा व्यवस्था से युवाओं का भविष्य असुरक्षित हो सकता है और सेना की स्थायित्व प्रणाली प्रभावित हो सकती है। उन्होंने सरकार से इस योजना पर पुनर्विचार करने की मांग की।साथ ही ‘भूतपूर्व सैनिक कल्याण सेवा संस्थान’ के माध्यम से पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों को सरकारी योजनाओं, प्रशिक्षण और सहायता से जोड़ने पर बल दिया गया।कार्यक्रम के समापन पर सभी पूर्व सैनिकों ने राष्ट्रहित, सामाजिक एकता और युवा मार्गदर्शन के संकल्प को दोहराते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज और देश के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
और नया पुराने

Ads


 

Ads

نموذج الاتصال