बालू-बाल से भरा समोसा, ‘रसराज’ दुकान से मंगवाया नाश्ता बना जानलेवा
तहसील अमेठी में खाद्य सुरक्षा पर बड़ा सवाल, पत्रकार की तबीयत बिगड़ी
अमेठी। तहसील अमेठी क्षेत्र में लोगों की सेहत से खुलेआम खिलवाड़ का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शुक्रवार, 01 फरवरी 2026, को शाम करीब 4 बजे, पोस्ट ऑफिस और रजिस्ट्री ऑफिस के सामने स्थित ‘रसराज’ नामक दुकान से मंगवाया गया समोसा खाने योग्य खाद्य पदार्थ नहीं, बल्कि गंदगी से भरा हुआ निकला। घटना के अनुसार पत्रकार त्रिपुरारी पाण्डेय ने समोसा मंगवाया। जैसे ही उन्होंने समोसे का एक टुकड़ा खाया, उसमें बालू जैसी गंदगी, खिसकते कण और बाल दिखाई दिए। समोसे का एक टुकड़ा खाते ही पत्रकार की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें लगातार तीन बार उल्टी हुई, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। यह घटना केवल लापरवाही नहीं, बल्कि सीधी आपराधिक लापरवाही की ओर इशारा करती है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह दुकान तहसील, पोस्ट ऑफिस और रजिस्ट्री ऑफिस जैसे संवेदनशील सरकारी संस्थानों के ठीक सामने संचालित हो रही है। इसके बावजूद न तो खाद्य विभाग की निगरानी दिखी और न ही प्रशासन ने अब तक कोई त्वरित कार्रवाई की है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों और नागरिकों का कहना है कि यदि आज एक ग्राहक की जान बाल-बाल बची है, तो भविष्य में किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। लोगों ने सवाल उठाया कि क्या अमेठी में खाद्य सुरक्षा केवल कागजों तक सीमित है? और क्या बिना जांच और लाइसेंस ऐसे दुकानदारों को जनता की सेहत से खिलवाड़ करने की खुली छूट है?
पीड़ित एवं स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और खाद्य विभाग से मांग की है कि दुकान ‘रसराज’ की तत्काल जांच कराई जाए।समोसे के सैंपल लेकर रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।दोषी पाए जाने पर दुकान सील कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की, तो ऐसी घटनाएं आम जनता की जान पर भारी पड़ सकती हैं। उक्त मामले में खाद्य सुरक्षा अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन न उठने के कारण अभी तक कोई अधिकारिक बयान सामने नहीं आ सका।
Tags
अपराध समाचार
