नशे में धुत चालक ने पलटा ट्रक, घंटों बाद पहुंची फायर ब्रिगेड; लाखों का माल राख
केएमबी मुकुल बरनवाल
सिवान। मैरवा-सलेमपुर मुख्य मार्ग पर धरनी छापर गांव के समीप शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें गुटखा लदा एक अनियंत्रित ट्रक गड्ढे में पलट गया। हादसे के बाद ट्रक का टायर तेज धमाके के साथ फट गया और देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग का गोला बन गई। इस घटना में ट्रक पर लदा लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार ट्रक चालक नशे में धुत था और वाहन पर उसका नियंत्रण नहीं था। चर्चा है कि उक्त ट्रक उत्तर प्रदेश में किसी अन्य दुर्घटना को अंजाम देकर भाग रहा था और मैरवा सीमा में प्रवेश करते ही धरनी छापर के पास अनियंत्रित होकर पलट गया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि घंटों तक कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि समय पर दमकल की गाड़ी पहुंच जाती, तो नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता था। इस देरी को लेकर स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति आक्रोश देखा गया। टायर ब्लास्ट के बाद लगी आग इतनी भीषण थी कि काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देता रहा और मुख्य मार्ग पर घंटों अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। जब तक दमकल की टीम पहुंचकर आग पर काबू पाती, तब तक ट्रक पूरी तरह जलकर कंकाल बन चुका था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार चालक की तलाश जारी है।
إرسال تعليق