सऊदी की सरज़मीं पर बुझ गया अमेठी का चिराग, अजहर की मौत से गांव में पसरा सन्नाटा, चार मासूमों के सिर से उठा पिता का साया
तिलोई,अमेठी। रोजी-रोटी और बच्चों के सुनहरे भविष्य की उम्मीद लेकर सात समंदर पार गए अमेठी के युवक अजहर की सऊदी अरब में दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना ने न केवल एक परिवार की खुशियां छीन लीं, बल्कि पूरे गांव को गहरे शोक में डुबो दिया। सिंहपुर ब्लॉक के इन्हौना थाना क्षेत्र अंतर्गत मंझीटा गांव निवासी अजहर बेहतर कमाई और परिवार की खुशहाल जिंदगी के सपने लेकर सऊदी अरब के धम्मा शहर गए थे। परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए उन्होंने कर्ज तक लिया था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी बेसुध है तो वहीं चार छोटे-छोटे बच्चों की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे। गांव का माहौल गमगीन है और हर आंख नम दिखाई दे रही है। मृतक के रिश्तेदार मोहम्मद अरमान ने भारत सरकार और सऊदी प्रशासन से गुहार लगाई है कि अजहर का पार्थिव शरीर जल्द भारत लाया जाए तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। ग्रामीणों ने भी सरकार से परिवार की मदद की मांग की है, ताकि मासूम बच्चों का भविष्य सुरक्षित रहे।
إرسال تعليق