Lucknow Coaching Fire Updates: CM योगी का ताबड़तोड़ एक्शन, 4 अधिकारी निलंबित, 3 गिरफ्तार
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में स्थित एक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई, जिसमें तकरीबन 15 बच्चों के मरने की सूचना मिली है। बताया गया कि आग बिल्डिंग में चल रहे पेट शॉप में लगी, जिसके बाद पूरी इमारत आग की चपेट में आ गई। इमारत में पेट शॉप, लाइब्रेरी, गेमिंग जोन और एक कोचिंग सेंटर संचालित हो रहा था।
अलीगंज के आवासीय क्षेत्र में तिमंजिला अवैध व्यावसायिक इमारत रसूख पर बनाई गई थी। इसी में लगी भीषण आग में झुलसने व दम घुटने से सोमवार को 15 लोगों की मौत हो गई। लखनऊ के अलीगंज में हुए भीषण अग्निकांड के बाद अब भवन से जुड़े पुराने दस्तावेज और प्राधिकरण की कार्रवाई गंभीर सवालों के घेरे में हैं।
सोमवार को जिस भवन में आग लगने की यह दुःखद घटना हुई, उसके खिलाफ वर्ष 2016 में अवैध निर्माण को लेकर ध्वस्तीकरण का आदेश जारी किया गया था, लेकिन दो माह से कम समय में ही उस आदेश को निरस्त भी कर दिया गया।
इस प्रकरण में व्यावसायिक इमारत के मालिक सहित तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर इनको गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही नगर निगम के दो और ऊर्जा विभाग व फायर के एक-एक अधिकारियों को निलंबित किया गया है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा तय होगी जिम्मेदारी
अलीगंज में हुए अग्निकांड की सूचना मिलते ही रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने अपने सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम तत्काल स्थगित कर दिए। वह रात 9.35 बजे अमौसी एयरपोर्ट पहुंचे। उन्होंने एयरपोर्ट से सीधे घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली। कहा, घटना के दोषियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
एसआईटी करेगी जांच, सीएम ने दिए निर्देश
लखनऊ अग्निकांड की जांच के लिए सीएम योगी ने एसआईटी जांच का निर्देश दिया है। सीएम के निर्देश पर दो सदस्यीय एसआईटी गठित की गई है, जो घटना की जांच कर सात दिनों के भीतर रिपोर्ट सीएम को सौंपेगी।
إرسال تعليق