नवविवाहिता का शव फंदे से लटका मिला, मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया, 3 महीने पहले हुई थी शादी
देवरिया। भटनी थाना क्षेत्र के सिंहपुर गांव में गुरुवार सुबह 10 बजे एक नवविवाहिता का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायके पक्षने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतका की पहचान 23 वर्षीय नेहा चौरसिया के रूप में हुई है, जो अमित चौरसिया की पत्नी और सिंहपुर, भटनी थाना क्षेत्र की निवासी थी। परिजनों के मुताबिक, बुधवार रात नेहा ने परिवार के साथ खाना खाया और अपने कमरे में सोने चली गई थी।
गुरुवार सुबह जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकली, तो परिजनों ने अंदर जाकरदेखा, जहां उसका शव पंखे से लटका हुआ पाया गया। इसके बाद शव को नीचे उतारा गया और पुलिस को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के पिता संजय चौरसिया और माता रीता देवी, जो रतनपुरा, बरियारपुर थाना क्षेत्र के निवासी हैं, मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या कर शव को फंदे से लटकाया गया है। परिजनों ने बताया कि बुधवार शाम करीब 10 बजे नेहा ने अपनी मां से फोन पर बात की थी, और कुछ ही घंटों बाद उनकी बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर मिली।
जानकारी के अनुसार, नेहा की शादी 25 अप्रैल 2026 को अमित चौरसिया से हुई थी। विवाह को अभी तीन महीने भी पूरे नहीं हुए थे। इस घटना से गांव में गमगीन माहौल है और दोनों परिवार सदमे में हैं। भटनी पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment