सिंहपुर सीएचसी में लम्बे समय से तैनात नर्स रेनू का तबादला, कार्यकाल के दौरान रेनू पर लगे थे कई आरोप
तिलोई,अमेठी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिंहपुर में लंबे समय से तैनात स्टाफ नर्स रेनू का तबादला सीएचसी शुकुल बाजार कर दिया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. अंशुमान सिंह के आदेश पर यह तबादला किया गया। स्थानीय स्तर पर लंबे समय से मरीजों के साथ व्यवहार और कार्यप्रणाली को लेकर शिकायतें सामने आती रही थीं। क्षेत्र के लोगों का आरोप रहा कि अस्पताल में कई बार मरीजों को बाहर से दवाएं खरीदने और निजी जांच कराने के लिए कहा जाता है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
सीएचसी सिंहपुर के अधीक्षक डॉ. सुनील चौधरी ने बताया कि स्टाफ नर्स के तबादले का आदेश प्राप्त हो गया है और उन्हें नियमानुसार जल्द कार्यमुक्त कर दिया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह ने कहा कि जिले के सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के अधीक्षकों को मरीजों के साथ संवेदनशील और मित्रवत व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी स्वास्थ्यकर्मी द्वारा बिना उचित कारण मरीजों को बाहरी दवाएं लिखने या अन्य प्रकार की अनियमितता की शिकायत मिलती है, तो जांच के बाद विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment