मैरवा रेलवे स्टेशन पर एसडीएम सत्यम कुमार जायसवाल का भव्य स्वागत
मैरवा (सीवान), संवाददाता। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की परीक्षा में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त कर एसडीएम पद के लिए चयनित मैरवा के होनहार युवा सत्यम कुमार जायसवाल का सोमवार को मैरवा रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है और लोग इसे मैरवा के लिए गौरवपूर्ण क्षण मान रहे हैं।
सोमवार को उनके मैरवा आगमन की सूचना मिलते ही रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, युवा, सामाजिक कार्यकर्ता एवं शुभचिंतक एकत्र हो गए। स्टेशन पहुंचते ही लोगों ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया तथा मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया। समर्थकों ने उत्साहपूर्ण नारे लगाए और उनकी सफलता को पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक बताया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि सत्यम कुमार जायसवाल ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और निरंतर परिश्रम किया जाए तो किसी भी सफलता को प्राप्त किया जा सकता है। उनकी उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी तथा उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करेगी।
अपने स्वागत से अभिभूत सत्यम कुमार जायसवाल ने सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें और अधिक जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों एवं शुभचिंतकों के मार्गदर्शन तथा सहयोग को दिया।
इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष पुत्र अभिमन्यु कुमार गुप्ता, नीरज मद्धेशिया, बबलू जायसवाल, प्रभु जी, नितिन कुमार, मोहित कुमार, निशांत बरनवाल, सुमंत बरनवाल अजय जायसवाल श्रीराम प्रसाद पिंटू गुप्ता पंकज गुप्ता सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय नागरिक एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह, उमंग और खुशी का माहौल बना रहा।
सत्यम कुमार जायसवाल की इस सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि मैरवा की धरती प्रतिभाओं से समृद्ध है और यहां के युवा अपनी मेहनत एवं लगन के बल पर प्रशासनिक सेवाओं में महत्वपूर्ण स्थान हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं।
Post a Comment