पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर झपकी बनी काल, डिवाइडर से टकराई कार, महिला की मौत, तीन घायल
सुलतानपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर चालक को झपकी आने के चलते एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हलियापुर थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 84 के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में 67 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि चालक समेत तीन लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, कार सवार गाजियाबाद से बिहार के सिवान में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हलियापुर क्षेत्र के पास चालक सुनील कुमार को झपकी आ गई, जिससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवारों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे में 67 वर्षीय संध्या सिन्हा सहित चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची राहत एवं बचाव टीम ने सभी घायलों को उपचार के लिए अयोध्या के शौ सैया हॉस्पिटल, पिठला कुमारगंज पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने संध्या सिन्हा को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार किया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। शादी समारोह में खुशियां मनाने जा रहे परिवार के लिए यह सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया।
Post a Comment