छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने देर रात किया शहर का औचक निरीक्षण
बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और प्रमुख छठ घाटों का लिया जायजा, साफ-सफाई, सजावट, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
सिवान लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर सिवान जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। छठ महापर्व के दौरान बाहर से आने वाले यात्रियों और श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उनकी सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा एवं पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने देर रात शहर के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन तथा प्रमुख छठ घाटों का जायजा लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत सिवान बस स्टैंड से हुई। यहां जिलाधिकारी ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को बस स्टैंड परिसर में बेहतर साफ-सफाई, रंग-रोगन एवं आकर्षक सजावट कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के अवसर पर दूसरे शहरों और प्रदेशों से बड़ी संख्या में लोग सिवान पहुंचते हैं। ऐसे में बस स्टैंड सहित शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित रखना आवश्यक है, ताकि बाहर से आने वाले यात्रियों एवं श्रद्धालुओं के बीच सिवान की सकारात्मक छवि प्रस्तुत हो।
इसके बाद जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सिवान रेलवे स्टेशन का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान स्टेशन परिसर में की गई सजावट, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, प्रकाश व्यवस्था तथा यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने रेल प्रशासन के संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। स्टेशन परिसर में साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
इसके पश्चात अधिकारियों ने दाहा नदी पुल, राजेंद्र स्टेडियम के पास स्थित पंचमंदिरा पोखर तथा गांधी मैदान के समीप अवस्थित पोखर का निरीक्षण किया। इन स्थलों पर छठ पूजा को लेकर की जा रही तैयारियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को सभी घाटों पर आवश्यक बैरिकेडिंग, बेहतर रंग-रोगन, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं आकर्षक सजावट सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। घाटों पर ऐसी व्यवस्था की जाए, जिससे पर्व के दौरान किसी को असुविधा नहीं हो।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने पर्व के दौरान व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी बनाए रखने पर भी जोर दिया, ताकि किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर तत्काल उसका समाधान किया जा सके।
प्रशासन का उद्देश्य छठ महापर्व के दौरान शहर में आने वाले यात्रियों से लेकर स्थानीय श्रद्धालुओं और छठ व्रतियों तक सभी को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है। निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी सिवान सदर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिवान सदर, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपनीय शाखा, उप निर्वाचन पदाधिकारी, प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी एवं सिटी मैनेजर, कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Post a Comment