विकास योजनाओं में तेजी लाने का डीएम का निर्देश, आवास योजना की किस्त जल्द लाभुकों के खाते में भेजें
सीवान। समाहरणालय सभागार में शनिवार को जिला समन्वय समिति की बैठक जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान तथा अन्य विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में बीबी-जी-राम जी योजना की समीक्षा करते हुए डीएम ने कहा कि प्राप्त आवंटन का नियमानुसार शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि योजनाओं की प्रगति में तेजी लाई जा सके। उन्होंने अधिकारियों को जल संरक्षण, पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने का निर्देश देते हुए कहा कि इन गतिविधियों से राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी जल-जीवन-हरियाली अभियान को भी मजबूती मिलेगी। साथ ही केंद्र एवं राज्य के श्रमिक भुगतान अनुपात को बेहतर बनाने पर भी विशेष बल दिया।
जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) को निर्देश दिया कि प्रत्येक प्रखंड एवं पंचायत में ऐसी बड़ी विकास योजनाओं की पहचान की जाए, जिन्हें मॉडल परियोजना के रूप में विकसित कर अन्य क्षेत्रों के लिए उदाहरण बनाया जा सके।
पंचायती राज विभाग की समीक्षा के दौरान डीएम ने सभी प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों को पंचम वित्त आयोग की राशि का ग्राम पंचायतों एवं पंचायत समितियों में नियमानुसार और पारदर्शी तरीके से उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने पंचायतों में सोलर लाइट लगाने वाली एजेंसी के प्रतिनिधि को भी स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन पंचायतों में अब तक सोलर लाइट नहीं लगाई गई है, वहां शीघ्र स्थापना का कार्य पूरा किया जाए तथा पहले से लगी सोलर लाइटों की नियमित मॉनिटरिंग कर उन्हें चालू स्थिति में रखा जाए।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि विभाग को आवश्यक राशि प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने सभी बीडीओ को निर्देश दिया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के तहत प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय किस्त की पूर्व में जनरेट ऑर्डरशीट वाले सभी लाभुकों के बैंक खातों में बिना विलंब राशि हस्तांतरित की जाए, ताकि आवास निर्माण कार्य समय पर पूरा कराया जा सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि एरिया ऑफिसर ऐप के माध्यम से आवास योजनाओं का नियमित निरीक्षण कराया जाए और निर्माण कार्य की प्रगति की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। डीएम ने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बैठक में उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी (सीवान एवं महाराजगंज), डीआरडीए के निदेशक, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (जीविका), सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, प्रखंड समन्वयक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Post a Comment