⚡ ब्रेकिंग News

मन की बात में मैरवा नगर को प्रथम स्थान, सक्रिय कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान जन्मदिन के अवसर पर नगर मंडल अध्यक्ष सुमंत बरनवाल को कार्यकर्ताओं ने दी बधाई, संगठन की मजबूती में कार्यकर्ताओं की भूमिका को बताया अहम

मन की बात में मैरवा नगर को प्रथम स्थान, सक्रिय कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान

जन्मदिन के अवसर पर नगर मंडल अध्यक्ष सुमंत बरनवाल को कार्यकर्ताओं ने दी बधाई, संगठन की मजबूती में कार्यकर्ताओं की भूमिका को बताया अहम

केएमबी मुकुल बरनवाल
मैरवा। भारतीय जनता पार्टी मैरवा नगर मंडल की ओर से मंगलवार को मझौली रोड स्थित भारतीय होमियो हाल परिसर में सक्रिय कार्यकर्ता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ताओं को उनके संगठनात्मक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। समारोह की अध्यक्षता भाजपा मैरवा नगर मंडल अध्यक्ष सुमंत बरनवाल ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत नगर मंडल अध्यक्ष सुमंत बरनवाल के जन्मदिन के अवसर पर केक काटकर की गई। इस दौरान पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
अंगवस्त्र और उपहार देकर किया सम्मान
समारोह के दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता ने सुमंत बरनवाल को अंगवस्त्र भेंट कर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। वहीं विधानसभा सह-संयोजक निशांत बरनवाल ने उपहार देकर उन्हें सम्मानित किया। भाजपा नेता धर्मेंद्र मिश्रा ने भी उपहार भेंट कर नगर मंडल अध्यक्ष को जन्मदिन की बधाई दी।
इसके बाद नगर मंडल अध्यक्ष सुमंत बरनवाल ने पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया। सम्मानित होने वाले कार्यकर्ताओं में हरेराम साह, धर्मेंद्र मिश्रा, नीरज मद्देशिया, मनोज जायसवाल, सुमित वर्मा, चंद्र प्रकाश तिवारी, अंकु चौबे, राजकुमार जायसवाल, सीमा देवी, लक्ष्मण ठाकुर, सौमिल उपाध्याय तथा रितेश सिंह शामिल रहे।
‘मन की बात’ में सहभागिता को लेकर उपलब्धि
समारोह को संबोधित करते हुए नगर मंडल अध्यक्ष सुमंत बरनवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में बेहतर सहभागिता के लिए जीरादेई विधानसभा क्षेत्र को बिहार में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। वहीं जीरादेई विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मैरवा नगर को भी प्रथम स्थान हासिल हुआ है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ताओं की मेहनत, सहभागिता और संगठन के प्रति समर्पण को दिया।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता किसी भी राजनीतिक संगठन की रीढ़ होते हैं। कार्यकर्ताओं की सक्रियता और निरंतर मेहनत से ही संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलती है। ‘मन की बात’ कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं की सहभागिता ने यह साबित किया है कि मैरवा नगर मंडल के कार्यकर्ता संगठन के कार्यक्रमों को लेकर पूरी तरह सक्रिय और समर्पित हैं।
सुमंत बरनवाल ने कहा कि सम्मान समारोह का उद्देश्य केवल कार्यकर्ताओं को सम्मानित करना नहीं, बल्कि उनके उत्साह और मनोबल को बढ़ाना भी है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी पार्टी के सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने के लिए कार्य करते रहेंगे।
समर्पित कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत : देवेंद्र गुप्ता
भाजपा जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता ने कहा कि किसी भी संगठन की वास्तविक ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। कार्यकर्ता ही पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम करते हैं। उन्होंने मैरवा नगर मंडल के कार्यकर्ताओं को उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि इसी तरह सक्रियता बनाए रखने से संगठन और मजबूत होगा।
भाजपा नेता धर्मेंद्र मिश्रा ने भी कार्यकर्ताओं की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं के लगातार प्रयास और समर्पण से पार्टी को मजबूती मिल रही है। संगठन के प्रत्येक कार्यक्रम को सफल बनाने में कार्यकर्ताओं का योगदान महत्वपूर्ण है।
सम्मान से बढ़ता है कार्यकर्ताओं का मनोबल : निशांत बरनवाल
विधानसभा सह-संयोजक निशांत बरनवाल ने कहा कि सक्रिय कार्यकर्ताओं का सम्मान उनके मनोबल को बढ़ाता है और उन्हें भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि मैरवा नगर को जीरादेई विधानसभा में प्रथम स्थान मिलना कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन के प्रति इसी तरह समर्पित रहकर कार्य करने की अपील की। समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा और उपस्थित लोगों ने संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...