SDM बने सत्यम कुमार जायसवाल का भव्य अभिनंदन, अग्निवीर चयनित आदित्य कुमार भी हुए सम्मानित
केएमबी मुकुल बरनवाल
सीवान। मैरवा के होनहार युवा सत्यम कुमार जायसवाल के बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त कर अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) पद पर चयनित होने पर मैरवा वैश्य सभा के तत्वावधान में एक निजी मैरेज हॉल में भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, चिकित्सकों, समाजसेवियों एवं गणमान्य लोगों ने उन्हें सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में वैश्य समाज के एक अन्य प्रतिभाशाली युवक आदित्य कुमार के अग्निवीर में चयन होने पर उनके माता-पिता को शॉल एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने दोनों युवाओं की उपलब्धियों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए उनकी सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन प्रभु जी गुप्ता ने किया। समारोह में मैरवा वैश्य सभा के अध्यक्ष श्रीबल्लभ प्रसाद, मंत्री जयचंद प्रसाद, मैरवा रेफरल अस्पताल के पूर्व चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आर.एन. ओझा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रकाश कुमार, मैरवा थाना प्रभारी राहुल कुमार, सिवान सांसद विजयलक्ष्मी कुशवाहा, जनता दल (यू) के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व विधायक रमेश सिंह कुशवाहा तथा जीरादेई विधानसभा के विधायक भीष्म प्रताप सिंह कुशवाहा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सत्यम कुमार जायसवाल को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। समारोह में उनके परिवार के सभी सदस्य भी उपस्थित रहे और इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के साक्षी बने।
अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि सत्यम कुमार की सफलता यह साबित करती है कि कठिन परिश्रम, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सत्यम ने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे मैरवा और सीवान जिले का नाम रोशन किया है। वहीं अग्निवीर में चयनित आदित्य कुमार की उपलब्धि को भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया।
कार्यक्रम में बबलू जायसवाल, सुमंत जी, धर्मेन्द्र मिश्र, मुन्ना पांडेय, संदीप तुरहा, डॉ. दिनेश चंद्र, सुरेंद्र जायसवाल, श्रीराम प्रसाद जेडीयू नेता मोहन राजभर सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग एवं नगरवासी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने सत्यम कुमार जायसवाल और आदित्य कुमार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह का माहौल उत्साह, गर्व और सम्मान से ओत-प्रोत रहा। उपस्थित लोगों ने दोनों युवाओं की उपलब्धियों पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं की सफलता से समाज और क्षेत्र का मान-सम्मान बढ़ता है तथा नई पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
Post a Comment