नाबालिक युवक-युवती के शव कुएं से बरामद , गांव में मचा हड़कंप
तिलोई अमेठी। थाना शिवरतनगंज अंतर्गत जगतपुर गांव में बृहस्पतिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब कुएं में दो शव देखे गए। गांव में हड़कंप मचते ही ग्रामीणों ने शव बरामद होने की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। आनन फानन शिवरतनगंज पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कुएं से बाहर निकाला गया। दोनों शवों की स्थिति देखकर यही लग रहा था शव कई दिन पुराने थे। ग्रामीणों की मानें तो दोनों के बीच प्रेम प्रसंग का मामला बताया जा रहा था। बीते शुक्रवार से दोनों गांव से लापता थे। दोनों अलग-अलग संप्रदाय के भी थे। मृतक लड़की के पिता का कहना था कि हमने बीते आठ जुलाई को लड़के के खिलाफ लड़की को भगा ले जाने के संबंध में थाने में शिकायत की थी जिस पर पुलिस जांच कर रही थी। वहीं लड़के के पिता ने लड़के और लड़की की हत्या की आशंका जताई है। इस घटना के संबंध में जब थाना अध्यक्ष शिवरतनगंज दया शंकर मिश्रा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि लड़की के गुम होने की सूचना प्राप्त हुई थी जिस पर लड़के के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर जांच की जा रही थी लेकिन बृहस्पतिवार को सुबह सूचना मिली कि कुएं दो शव देखे गए हैं। मौके पर पुलिस ने पहुंच कर दोनों शवों को बरामद करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण स्पष्ट हो पाएंगे।
Post a Comment