⚡ ब्रेकिंग News

सीवान में शिक्षक की कनपटी में दिनदहाड़े लगी गोली, हालत गंभीर, इलाके में दहशत का माहौल

सीवान में शिक्षक की कनपटी में दिनदहाड़े लगी गोली, हालत गंभीर, इलाके में दहशत का माहौल

केएमबी मुकुल बरनवाल 
सीवान। आंदर थाना क्षेत्र के शिवली मठिया गांव में सोमवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े एक शिक्षक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल शिक्षक की पहचान आंदर प्रखंड की पूर्व प्रमुख प्रतिभा गिरी के पति किशोर कुमार गिरी के रूप में हुई है। गोली उनकी कनपटी में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़े। गंभीर स्थिति में उन्हें सदर अस्पताल, सीवान लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया। घटना के संबंध में मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्कूल की एक शिक्षिका ने किशोर कुमार गिरी को फोन कर सूचना दी थी कि एक कमरे में एक लड़का और लड़की आपत्तिजनक स्थिति में हैं। सूचना मिलने के बाद किशोर गिरी बाइक से स्कूल पहुंचे और वहां मामले की जानकारी लेने लगे। इसी दौरान संबंधित युवक ने अपने कुछ साथियों को कथित तौर पर बुला लिया।
बताया जा रहा है कि पूछताछ के बाद युवक वहां से भागने लगा। किशोर गिरी ने उसका पीछा किया। इसी दौरान बाइक सवार युवकों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली सीधे उनकी कनपटी में लगी। गोली लगते ही किशोर गिरी गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।गोली चलने की आवाज से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने घायल शिक्षक को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में मदद की। घटना की सूचना मिलते ही आंदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण करते हुए आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले की जांच के लिए एसडीपीओ सदर-2 के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया है। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया है। पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अन्य आरोपितों की पहचान की दिशा में भी कार्रवाई चल रही है। पुलिस घटना के पीछे के कारण, फायरिंग में शामिल लोगों और उनके आपसी संबंधों की जांच कर रही है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी और घटना की पूरी तस्वीर जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...