⚡ ब्रेकिंग News

अनियंत्रित ट्रक ने बाइक को रौंदा, एक की मौके पर मौत, दूसरे की हालत नाजुक

अनियंत्रित ट्रक ने बाइक को रौंदा, एक की मौके पर मौत, दूसरे की हालत नाजुक

केएमबी ब्यूरो मुकुल बरनवाल
सिवान। मैरवा-सिवान मुख्य मार्ग स्थित गोपलापुर के समीप मंगलवार को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। देखते ही देखते सड़क पर राहगीरों और स्थानीय लोगों का भारी मजमा लग गया, जिससे कुछ देर के लिए यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
मृतक की शिनाख्त नौतन प्रखंड के खलवा गांव निवासी भोला दुबे के रूप में की गई है। वहीं घायल व्यक्ति की पहचान उसी गांव के भूपेंद्र दुबे के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भोला दुबे और भूपेंद्र दुबे एक ही बाइक पर सवार होकर किसी निजी कार्य से निकले थे। जैसे ही वे मैरवा-सिवान मुख्य मार्ग पर गोपलापुर के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों सड़क पर दूर जा गिरे। भोला दुबे के सिर में गंभीर चोट आने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि भूपेंद्र दुबे लहूलुहान होकर अचेत हो गए।
हादसे की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण व दुकानदार दौड़कर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्काल तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल भूपेंद्र दुबे को पास के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने उग्र हो रहे लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और सड़क पर लगे जाम को हटवाकर आवागमन सामान्य कराया। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया गया है तथा फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
सड़क हादसे में भोला दुबे की मौत की खबर जैसे ही नौतन के खलवा गांव पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के घर पर कोहराम मच गया और परिजनों के करुण क्रंदन से वहां मौजूद हर किसी की आंखें नम हो गईं।
स्थानीय ग्रामीणों व प्रबुद्ध नागरिकों ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए प्रशासन की लचर यातायात व्यवस्था पर कड़ा आक्रोश जताया है। लोगों का कहना है कि मैरवा-सिवान मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की गति पर कोई नियंत्रण नहीं है। आए दिन बेलगाम रफ्तार के कारण निर्दोष लोग काल के गाल में समा रहे हैं। ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग के संवेदनशील मोड़ों और घनी आबादी वाले इलाकों में स्पीड ब्रेकर लगाने, गति सीमा तय करने और नियमित पुलिस गश्ती की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...