शिक्षक गोलीबारी मामला: स्कूल में नहीं, बथान पर चली थी गोली, पुलिस ने किया खंडन, एक गिरफ्तार
सिवान। जिले के असांव थाना क्षेत्र अंतर्गत सिऊरी मठिया गांव में शिक्षक किशोर कुमार गिरी को गोली मारे जाने के मामले में सिवान पुलिस ने स्थिति स्पष्ट करते हुए भ्रामक खबरों का खंडन किया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उक्त वारदात विद्यालय परिसर अथवा क्लासरूम में घटित नहीं हुई थी। घटना विद्यालय से कुछ दूरी पर स्थित राजकुमार गिरी के बथान पर हुई थी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि 28 सितंबर को हुई इस घटना को लेकर कुछ समाचार माध्यमों द्वारा यह प्रसारित किया जा रहा था कि शिक्षक को विद्यालय के कमरे के भीतर गोली मारी गई है, जो जांच में पूरी तरह तथ्यात्मक रूप से गलत पाया गया है। सिवान पुलिस ने सभी समाचार पत्रों और मीडिया संस्थानों से अपील की है कि वे किसी भी संवेदनशील खबर के प्रकाशन से पूर्व तथ्यों का समुचित सत्यापन अवश्य कर लें, जिससे जनमानस में किसी भी प्रकार का भ्रम या अफवाह न फैले।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गठित विशेष जांच दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की गहन तफ्तीश शुरू की। जांच के क्रम में पूर्व में ही एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया जा चुका है। वहीं, अग्रतर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घटना में संलिप्त अभियुक्त गुड्डु पंडित (पिता—परशुराम पंडित, साकिन—करमौल, थाना—असांव) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पकड़े गए अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी कर रही है। साथ ही वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
Post a Comment