महाराजगंज में अवैध शराब पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 2000 लीटर अर्धनिर्मित शराब का पाश नष्ट
महाराजगंज,सीवान। बिहार के सीवान जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ महाराजगंज थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। आकिल टोला गांव में छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 2000 लीटर अर्धनिर्मित शराब का पाश बरामद कर मौके पर ही नष्ट करा दिया। भारी मात्रा में पाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, पुलिस को आकिल टोला गांव में अवैध शराब निर्माण की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने गांव में संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान एक स्थान पर भारी मात्रा में शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला अर्धनिर्मित पाश मिला, जिसे पुलिस ने मौके पर ही विनष्ट कर दिया।
बिहार में शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद अवैध शराब निर्माण और बिक्री की शिकायतें सामने आती रहती हैं। ऐसे में पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। हालांकि, इतनी बड़ी मात्रा में पाश बरामद होने के बाद इसके पीछे शामिल लोगों की पहचान और संभावित नेटवर्क को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। अब पुलिस की आगे की जांच में अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान और उनकी भूमिका स्पष्ट होने की उम्मीद है।
Post a Comment