दो बच्चों की हत्या पर भाकपा माले ने पुलिस-प्रशासन को घेरा, 50-50 लाख मुआवजे की मांग
सीवान। गोपालगंज के थावे थाना क्षेत्र के पांडे टोला में दो नाबालिग बच्चों जैत शहीदी (14) और अली अशरफ (13) की हत्या के मामले में भाकपा माले ने पुलिस-प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। पार्टी ने हत्याकांड के सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और दोनों मृतक बच्चों के परिजनों को 50-50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है।शुक्रवार को भाकपा माले के जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला सचिव इंद्रजीत चौरसिया ने कहा कि घटना की सूचना 24 नवंबर को ही पुलिस को दे दी गई थी, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन की तत्परता रहती तो संभवतः दोनों बच्चों की जान बचाई जा सकती थी। माले नेताओं के अनुसार, बच्चों के साथ गए तीन अन्य साथी किसी तरह अपनी जान बचाकर मदरसा पहुंच गए थे।
खेग्रामस के राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्यदेव राम ने घटना की निंदा करते हुए इसे सामंती और सांप्रदायिक मानसिकता का परिणाम बताया। वहीं माले केंद्रीय कमेटी के सदस्य नैमुद्दीन अंसारी ने गरीब बच्चों की सुरक्षा और उनकी शिक्षा से जुड़े सवाल उठाए। नेताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा पुलिस की भूमिका की भी जांच की मांग की। प्रेस वार्ता में माले नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो पार्टी व्यापक आंदोलन करेगी।
Post a Comment