मांगें पूरी नहीं हुईं तो 16 दिसंबर को रोडवेज कर्मचारी करेंगे आंदोलन
अमेठी। परिवहन निगम के कर्मचारियों ने लंबित मांगों को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है। शुक्रवार को अमेठी डिपो में रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद की बैठक में शासन और निगम प्रबंधन के प्रति नाराजगी जताते हुए मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग उठाई गई। बैठक में संविदा चालकों और परिचालकों के नियमितीकरण, आउटसोर्स कर्मचारियों के पारिश्रमिक में वृद्धि, सामाजिक सुरक्षा का लाभ देने तथा नियमित कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की मांग की गई। साथ ही राष्ट्रीयकृत मार्गों पर निजी बसों के अवैध संचालन पर रोक लगाने की बात कही गई।
परिषद पदाधिकारियों ने बताया कि 10 अक्टूबर को भेजे गए मांग-पत्र पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। प्रबंधन को 15 दिसंबर तक मांगें पूरी करने का अल्टीमेटम दिया गया है। ऐसा न होने पर 16 दिसंबर को क्षेत्रीय स्तर पर धरना-प्रदर्शन, रैली और आमसभा आयोजित की जाएगी। बैठक में अध्यक्ष राजबहादुर सिंह, शाखा मंत्री महेंद्र कुमार ओझा सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Post a Comment