शिक्षकों की समस्याओं के निस्तारण हेतु अध्यक्ष ने खंड शिक्षा अधिकारी को दिया ज्ञापन
तिलोई अमेठी। शिक्षक बच्चों के भविष्य का निर्माता होता है लेकिन शिक्षक ही यदि पीड़ित हो तो यह सोचनीय विषय बन जाता है । बीते सोमवार को शिक्षकों की समस्याओं के निस्तारण हेतु सिंहपुर शिक्षक इकाई के अध्यक्ष आशुतोष शुक्ला ने खंड शिक्षा अधिकारी सिंहपुर को लिखित ज्ञापन दिया । इस ज्ञापन में आशुतोष शुक्ला ने 16448 शिक्षक भर्ती में कार्यरत शिक्षकों के रुके हुए वेतन पर नाराजगी जताई साथ ही अंतः जनपदीय स्थानांतरण के अंतर्गत विभिन्न विकास खण्डों से आए हुए शिक्षकों की सर्विस बुक बीआरसी सिंहपुर में उपलब्ध करवाने की बात कही । इसके अतिरिक्त मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से शिक्षकों की ऑनलाइन सर्विस बुक में हुई गलतियों के सुधार पर भी चर्चा की । ज्ञापन के संबंध में जब नवागंतुक खंड शिक्षा अधिकारी सिंहपुर आराधना अवस्थी से बात की गई तो उन्होंने कहा कि ज्ञापन प्राप्त हुआ है । शिक्षकों की समस्याओं को जांच कर जल्द से जल्द निस्तारण के लिए भेज दिया जाएगा । ज्ञापन देते समय खंड सिंहपुर शिक्षक इकाई के उपाध्यक्ष सिद्धार्थ द्विवेदी के साथ कई अन्य शिक्षक मौजूद रहे ।
Post a Comment