कोर्ट में मामला विचाराधीन, दुकान का ताला तोड़कर दूसरे को देने का आरोप
50 साल पुरानी किरायेदारी पर विवाद, दुकान में फल का ठेला लगने से उठे सवाल
जगदीशपुर,अमेठी। कस्बे में सहकारी समिति की एक दुकान को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। करीब 50 साल पुरानी किरायेदारी का दावा कर रहे मोहम्मद हनीफ ने दुकान का ताला तोड़कर सामान बाहर निकालने और उसे दूसरे व्यक्ति को किराये पर देने का आरोप लगाया है। पीड़ित के मुताबिक, दुकान से संबंधित मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद दुकान पर कब्जा दिलाकर वहां फल का ठेला लगवा दिया गया है।
हुसैन गंज कलां बड़ा गांव निवासी मोहम्मद हनीफ का दावा है कि वह पिछले पांच दशकों से उक्त दुकान में किरायेदार के रूप में कारोबार कर रहे थे। आरोप है कि बिना किसी कानूनी आदेश के दुकान का ताला तोड़ दिया गया और अंदर रखा सामान बाहर निकाल दिया गया। इसके बाद दुकान किसी अन्य व्यक्ति को किराये पर दे दी गई। वर्तमान में दुकान के सामने फल का ठेला लगाया जा रहा है।
मामले में मौके पर मौजूद ठेला लगाने वाले व्यक्ति ने भी कैमरे के सामने लेने की स्वीकार की है। इससे केस कोर्ट में लंबित होने के बावजूद सहकारी समिति की ओर से दुकान दोबारा किराये पर दिए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
पीड़ित ने सहकारी समिति के अध्यक्ष के पुत्र प्रतिनिधि के साथ स्थानीय पुलिस कोतवाल और तहसीलदार की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए मिलीभगत के आरोप लगाए हैं। वहीं, पुलिस विभाग ने अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए निराधार बताया है।
अब बड़ा सवाल यह है कि जब दुकान से संबंधित विवाद न्यायालय में विचाराधीन है तो दुकान का ताला तोड़ने और उसे दूसरे व्यक्ति को किराये पर देने की कार्रवाई किस आधार पर की गई? मामले में संबंधित सहकारी समिति के अध्यक्ष का पक्ष सामने आना बाकी है।
Post a Comment