संदिग्ध परिस्थितियों में महिला का शव फंदे से लटका मिला, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
अमेठी। जायस कोतवाली क्षेत्र के कासिमपुर गांव में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 20 वर्षीय विवाहिता दिव्या सोनकर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।जानकारी के अनुसार दिव्या की करीब पांच वर्ष पूर्व रमजान अली के साथ शादी हुई थी। दंपती का करीब दो वर्ष का एक बेटा भी है। मंगलवार को घर के अंदर महिला का शव फंदे से लटका मिलने की सूचना पर आसपास के लोगों में सनसनी फैल गई।घटना की जानकारी मिलते ही महिला के मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर महिला की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद महिला के मायके और ससुराल पक्ष में तनाव का माहौल है। वहीं, महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
Post a Comment